जान से मारने की धमकी देकर युवती का यौन शोषण, जानिए नागपुर शहर की अन्य अहम वारदातें

Sexual abuse of a girl by threatening to kill her, know other important incidents of Nagpur city
जान से मारने की धमकी देकर युवती का यौन शोषण, जानिए नागपुर शहर की अन्य अहम वारदातें
जान से मारने की धमकी देकर युवती का यौन शोषण, जानिए नागपुर शहर की अन्य अहम वारदातें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सब्जी विक्रेता ने जान से मारने की धमकी देकर युवती का यौन-शोषण किए जाने का मामला उजागर हुआ है। प्रकरण दर्ज कर आरोपी सब्जी विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया गया है।  अदालत में पेश कर उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। 

पत्नी गांव गई थी
आरोपी सब्जी विक्रेता अमोल श्यामराव ठाकरे (31) है। वह विवाहित है। पत्नी जब गांव गई हुई थी, तब उसने घरेलू काम करने के लिए एक 19 वर्षीय युवती को घर बुलाया और मौका पाकर 1 दिसंबर 2020 को उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस बारे में किसी को कुछ बताने पर वह युवती को जान से मारने की धमकी देकर 12 अप्रैल 2021 तक उसका यौन शोषण करता रहा। 

आरोपी 4 दिन की पुलिस रिमांड पर 
अमोल की धमकियों से परेशान होकर आखिरकार युवती ने साहस जुटाकर इस बारे में अपने परिजनों को बताया। पश्चात मामला थाने पहुंचा। प्रकरण दर्ज कर अमोल को गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार को उसे अदालत में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उपनिरीक्षक शिंपणे मामले की जांच-पड़ताल कर रहे हैं।

आरोपी को गिरफ्तार करने आई पुलिस के साथ हाथापाई
प्रताप नगर में आरोपी को वर्धा जिले के सेलू से गिरफ्तार करने पुलिस के सामने आरोपी और उसकी तीन महिला रिश्तेदारों ने हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिस दल से गाली-गलौज और  हाथापाई की। हाथापाई में एक महिला पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गई। जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा। घटना को लेकर संदेह भी व्यक्त किया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है।

आपराधिक प्रकरण दर्ज है
गोपाल नगर स्थित जुगलकिशोर ले-आउट निवासी अक्षय उर्फ पिंटू अनिल मरस्कोल्हे (26) के खिलाफ  सेलू थाने में अापराधिक प्रकरण दर्ज है।   उप-निरीक्षक नितीन नलावड़े टीम के साथ अक्षय को गिरफ्तार करने आए थे। साथ में प्रताप नगर थाने के कुछ सिपाही भी थे। पुलिस ने जैसे ही अक्षय को कब्जे में लेने का प्रयास किया। अक्षय सहित उसकी मां वेणु मरस्कोल्हे (50), बहन प्रज्ञा (25) और रिश्तेदार अंजलि उईके (30) ने पुलिस के साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। पहले अक्षय भगाने का प्रयास किया, जब पुलिस ने भागने नहीं दिया, तो उसे घर में छुपाने का प्रयास किया। पुलिस ने घर में घुसने की कोशिश की, तो पुलिस को घर में नहीं घुसने दिया।

महिला पुलिसकर्मी घायल
महिलाओं का हंगामा देख प्रताप नगर थाने की महिला सिपाही रजनी देवढवले को मौके पर बुलाया गया। तीनों महिलाएं रजनी से भी भिड़ गईं। इस झूमाझटकी में रजनी के हाथ में मोच आ गई। अन्य पुलिस वालों से भी हाथापाई की गई, हालांकि घटना को लेकर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। अक्षय, वेणु, प्रज्ञा और अंजलि के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने करने का मामला दर्ज कर अक्षय को गिरफ्तार कर सेलू ले जाया गया है

दीपाली चौहान आत्महत्या प्रकरण:  रेड्डी को वापस लेनी पड़ी जमानत याचिका
वन परिक्षेत्र अधिकारी दीपाली चौहान आत्महत्या प्रकरण में आरोपी अतिरिक्त प्रधान मुख्य वनसंरक्षक एम. श्रीनिवास रेड्‌डी ने बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ में दायर अपनी जमानत अर्जी वापस ले ली है। दरअसल जांच अधिकारी ने इस प्रकरण में चार्जशीट प्रस्तुत कर दी है। ऐसे में तकनीकी रूप से रेड्डी को सत्र न्यायालय में जमानत अर्जी दायर करनी होगी। बीते मई में नागपुर खंडपीठ ने रेड्डी को अंतरिम राहत दी थी, लेकिन गुरुवार को रेड्डी के अधिवक्ता फिरदौस मिर्जा ने निचली अदालत में अर्जी दायर करने की मंशा दर्शाते हुए हाईकोर्ट से अर्जी वापस लेने की अनुमति मांगी। कोर्ट ने उन्हें अनुमति प्रदान की है। 

दीपाली चौहान ने की थी आत्महत्या
उल्लेखनीय है कि अमरावती जिले की हरिसाल वन परिक्षेत्र अधिकारी दीपाली चौहान ने वरिष्ठ अधिकारियों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने एक सुसाइड नोट लिखा था, जिसके आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए प्रवृत्त करने का मामला दर्ज किया था। इसमें रेड्‌डी को आरोपी बनाया गया है। रेड्‌डी ने सर्वप्रथम सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। इसके बाद रेड्‌डी को नागपुर से पुलिस ने गिरफ्तार किया था। कुछ दिनों पूर्व उन्होंने अपराध रद्द करने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इस पर पुलिस को नोटिस जारी करते हुए कोर्ट ने चार्जशीट प्रस्तुत नहीं करने के आदेश दिए थे, लेकिन अब रेड्डी ने अर्जी वापस ले ली है।

वज्रपात से सफाई कर्मी की मौत
गाज गिरने से सफाई कामगार की मौत हो गई। घटना बुधवार को ओरियंटल कंपनी में हुआ। बेलतरोड़ी थाने में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया गया है। मृतक रुई पांजरी निवासी प्रभाकर बोदाड़े (45) है। प्रभाकर शाम 5.30 बजे के करीब बेलतरोड़ी में टोल प्लाजा के पास ओरियंटल कंपनी के दफ्तर में साफ-सफाई कर रहा था। उसी समय तेज गड़गड़ाहट के साथ वज्रपात हुआ, जिससे प्रभाकर बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौत हो गई। हादसे के समय कंपनी के कर्मचारी परिसर में मौजूद थे। सभी बाल-बाल बच गए।

 


 

 

Created On :   11 Jun 2021 7:58 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story