- Home
- /
- सीएम के उत्तर भारतीयों की तारीफ से...
सीएम के उत्तर भारतीयों की तारीफ से शिवसेना भी खफा, कहा- वोटों पर राजनीति कर रही BJP

डिजिटल डेस्क, मुंबई । मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा उत्तरभारतीयों की तारीफ पर अब शिवसेना ने भी आलोचना शुरू कर दी है। पार्टी के मुखपत्र में छपे संपादकीय में मुख्यमंत्री के बयान को लेकर निशाना साधा गया है। संपादकीय में कहा गया है कि मुख्यमंत्री का यह बयान कि ‘मुंबई को महान बनाने में उत्तरभारतीयों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है’, गैर जिम्मेदाराना है। इसके पहले मनसे इस बात को लेकर मुख्यमंत्री की आलोचना कर चुकी है।
‘मुंबई कुणाची’ (मुंबई किसकी) शीर्षक से प्रकाशित संपादकीय में कहा गया है कि मराठी माणुस का अपमान करने की प्रतिस्पर्धा चल रही है। मुंबई शुरू से सोने के अंडे देने वाली मुर्गी जैसी रही है। इस मुर्गी को दाना डालने लाखों लोग बाहर से आए। कुछ लोगों ने तो इस सोने की मुर्गी को मारकर खाने की भी कोशिश की। मुंबई महाराष्ट्र की है। जो महाराष्ट्र को अपना मानते हैं, उनकी है।
डा राम मनोहर त्रिपाठी की तारीफ
संपादकीय में डा राम मनोहर त्रिपाठी का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि डा. त्रिपाठी उत्तरभारतीयों के लोकप्रिय नेता थे। मुंबई के लिए उनका सांस्कृतिक योगदान रहा है। उन्होंने कभी प्रांतवाद की राजनीति नहीं की। पर भाजपा आज उत्तर भारतीयों के वोटों के बल पर राजनीति कर रही है। मुख्यमंत्री कांग्रेस की भाषा बोल रहे हैं। मुंबई के विकास में मराठियों का बड़ा योगदान रहा है। इसमें पारसी और गुजराती उद्योपतियों का भी साथ मिला।
मुख्यमंत्री ने की थी तारीफ
मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने एक कार्यक्रम में कहा कि आज जब हम मुंबई और महाराष्ट्र की बात करते हैं तो तुरंत उत्तर भारतीय समुदाय की ओर देखते हैं। इस महानगर ने वैसे तो हमेशा कई लोगों को शरण दी है और जिन लोगों को यहां आश्रय मिला है उन्होंने हमेशा शहर की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। भाजपा नेता ने कहा, आज, हम कह सकते हैं कि मुंबई में बसे उत्तर भारतीय समुदाय ने हमेशा शहर की प्रतिष्ठा बढ़ाने का काम किया है।
.jpg)
Created On :   2 Dec 2017 5:43 PM IST