रामनवमी पर सीएम शिवराज ने कराया कन्या भोज

Shivraj Chouhan performs Kanya Poojan on Ram Navami in cm house
रामनवमी पर सीएम शिवराज ने कराया कन्या भोज
रामनवमी पर सीएम शिवराज ने कराया कन्या भोज

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रामनवमी के अवसर पर सीएम हाउस में कन्या भोज का आयोजन किया। सीएम और उनकी पत्नी साधना सिंह चौहान ने परंपरागत तरीके से कन्याओं के चरण धोए और आरती उतारी। इसके बाद मंत्रोचारण के साथ उन्होंने कन्याओं को भोजन कराया। वहीं रामनवमी के अवसर पर राजधानी के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। जगह जगह पर कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस साल चैत्र नवरात्र 18 मार्च से शुरू हुए। अष्टमी और नवमी तिथि एक ही दिन पड़ी जिस कारण 25 मार्च यानी रविवार को नवरात्रि का आखिरी दिन रहा और इसी दिन रामनवमी भी मनाई गई।

नवरात्र व्रत का समापन कन्या पूजन से ही पूर्ण माना जाता है। रविवार को महानवमी के अवसर पर राजधानी सहित देऱ भर में कन्या भोजन का आयोजन किया गया। कहा जाता है कि नवरात्र व्रत के अंत में कन्या भोजन न कराएं तो आपकी पूजा सफल नहीं होती। इसलिए इस अवसर पर घर-घर कन्याभोज के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस पुण्य को कमाने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कन्याओं को भोजन कराया। मुख्यमंत्री निवास पर चैत्र नवरात्र की रामनवमी पर्व के अवसर पर कन्या- भोज और पूजन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज और उनकी पत्नी साधना सिंह पारंपरिक विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर कन्याओं के पैर धोए। इसके बाद कन्याओं को भोज कराया। शक्ति स्वरूपा कन्याओं से सीएम ने आशीर्वाद भी लिया। कार्यक्रम में संगठन महामंत्री सुहास भगत समेत कई मंत्री मौजूद रहे। भोजन के बाद सीएम ने नन्ही भांजियों के साथ आत्मीय क्षण बितायें और कन्याओं का लाड़-दुलार किया।

इस दौरान सीएम ने कहा, बेटी सचमुच में देवियां हैं, बेटी है तभी सृष्टि है, इसलिए परंपरा से बेटियों को देवी का दर्जा दिया गया है। इसलिए बेटी सुखी रहें, ये हम सब की जिम्मेदारी है। बेटियां घर आईं तो लगा खुशियां आ गईं। बहन, बेटियां खुश होंगी, तो प्रदेश धन्य होगा। यही सृष्टि का आधार हैं। इनका सम्मान करें, आदर दें, यही मां जगदम्बे के प्रति सच्ची आस्था और श्रद्धा होगी। सीएम ने रामनवमी की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने समाज से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेने का आव्हान किया है।

बता दें कि इससे पहले गुरुवार को भोपाल के किलोल स्कूल में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 1101 कन्याओं का पूजन किया था। सीएम के साथ उनकी पत्नी साधना सिंह भी मौजूद रही थी। इस दौरान सीएम ने सबसे पहले  नौ कन्याओं के पैर धुलाएं और पूजा की थी। इसके बाद 1101 कन्याओं की आरती उतारी गई। सीएम ने इस दौरान कहा था कि मैं अराजक तत्वों से कहना चाहता हूँ कि बहन, बेटियों का सम्मान करो, अन्यथा जैसे माँ अम्बे ने दुष्टों का संहार किया, तुम्हारा भी होगा। गुंडागर्दी करने वाले किसी व्यक्ति को सरकार नहीं छोड़ेगी।

सीएम ने कहा था सरकार गरीब बहनों के साथ खड़ी है। मजदूरी करने वाली गर्भवती बहनों के खाते में सरकार 6वें से 9वें महीने तक 4 हज़ार रुपये जमा करायेगी, ताकि वे ढंग से भोजन कर सकें और उनके साथ कोख का बच्चा भी स्वस्थ रहे। जब बच्चे को जन्म दे देंगी, तो 12 हज़ार रुपये और सरकार देगी।

 

Created On :   25 March 2018 6:47 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story