- Home
- /
- भाजपा की पराजय अन्याय-असत्य की हार:...
भाजपा की पराजय अन्याय-असत्य की हार: शिवसेना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। तीन राज्यों में भाजपा को मिली पराजय से खुश मित्रदल शिवसेना के हमले जारी है। पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की जमकर तारीफ के साथ ही सत्ताधारी भाजपा की हार को अन्याय व असत्य की हार बताया है। शिवसेना का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जैसे दिग्गजों के साथ साथ उनके कार्यकर्ताओं का भी ‘कांग्रेसमुक्त हिंदुस्तान’ का नारा लगाते हुए गला सूख गया था। देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी की हर दिन करारी आलोचना की जाती थी। पार्टी ने अपने मुखपत्र सामना के संपादकीय में लिखा है कि बहरहाल, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्हें उनके घर में घुस कर पराजित किया है। यह अन्याय और असत्य की हार है। गर्व धूल-धूसरित हुआ और अहंकार चूर हुआ है। तंज कसते हुए शिवसेना ने लिखा है कि हार के साथ जीत को भी नम्रता से स्वीकारना ही हमारी संस्कृति है। परंतु 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद यह संस्कृति नष्ट हो गई थी। गौरतलब है कि हाल ही में पांच राज्यों में संपन्न विधानसभा चुनावों में भाजपा ने हिन्दी पट्टी के तीन बड़े राज्यों छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्यप्रदेश में अपनी सत्ता कांग्रेस के हाथों गंवा दी है। शिवसेना का कहना है कि जिन्होंने पार्टी को खड़ा किया वे हाशिये पर चले गए। जिन मित्रों ने संकट के समय साथ दिया वे शत्रु ठहराए गए। जिस जनता ने आपको जमीन से उठा कर शिखर पर पहुंचाया, वही जनता आज बदहाल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर प्रत्यक्ष हमला बोलते हुए संपादकीय में लिखा गया है कि हर राज्य में प्रधानमंत्री ने दर्जनों रैलियां कीं और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया। यह भी ध्यान नहीं रखा गया कि संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति कितने नीचे जा सकता है। केंद्र और महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी शिवसेना ने कांग्रेस अध्यक्ष की तारीफ करते हुए कहा है कि राहुल गांधी ने विनम्रता से जीत को स्वीकार किया है। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों का उन्होंने आभार भी जताया। मोदी तो राष्ट्र के निर्माण में (पूर्व प्रधानमंत्रियों और कांग्रेस के दिवंगत नेताओं) पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का योगदान मानने को तैयार नहीं हैं।
Created On :   14 Dec 2018 10:40 AM IST