विशेष ट्रेन से हुई फजीहत, BJP टाल रही सवाल, जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं रेल प्रशासन

Situation Comes due to communication gap with the administration
विशेष ट्रेन से हुई फजीहत, BJP टाल रही सवाल, जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं रेल प्रशासन
विशेष ट्रेन से हुई फजीहत, BJP टाल रही सवाल, जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं रेल प्रशासन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। स्थापना दिन के लिए बुक करायी गई विशेष ट्रेन की परेशानी के मामले पर भाजपा अब बात टालने लगी है। भाजपा के प्रमुख नेताओं का भी कहना है कि, प्रशासन व पार्टी के बीच संवादहीनता के कारण यह स्थिति बनी। हालांकि भाजपा के ही कुछ पदाधिकारी व कार्यकर्ता अब भी रेल प्रशासन के विरोध में है। उधर युवक कांग्रेस ने इस मामले में नागपुर की राजनीतिक अस्मिता का सवाल उठाते हुए रेल मंत्री पीयूष गोयल के इस्तीफे की मांग की है।

युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष बंटी शेलके ने कहा है कि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व भूतल परिवहन मंत्री नितीन गडकरी के गृहनगर के कार्यकर्ताओं को मुंबई ले जाने के मामले में रेल प्रशासन ने जो लापरवाही दिखायी है, वह गंभीर है। लगता है कि, जानबूझकर कार्यकर्ताओं को परेशान करने का काम किया गया है। उधर रेल प्रशासन ने इस मामले में किसी भी तरह की जिम्मेदारी लेने से इनकार किया है। रेल प्रशासन की ओर से कहा गया है कि, नागपुर से ट्रेन रवाना करने व गुजरात होते हुए बांद्रा की ओर रेल ले जाने के मामले में किसी तरह की गलती नहीं है। पहले ही इसकी जानकारी दे दी गई थी।

कुछ अधिकारियों से विशेष तौर से पूछताछ की
इस बीच यह भी खबर है कि, रेलमंत्री पीयूष गोयल व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले में रेल प्रशासन के कुछ अधिकारियों से विशेष तौर से पूछताछ की है। आरंभिक पूछताछ में यही बात सामने आयी है कि, रेल प्रशासन की ओर से विशेष ट्रेन का जो री-शेड्यूल जारी किया गया उसकी जानकारी भाजपा के कुछ पदाधिकारियों को मिली, लेकिन वह यात्रा के व्यवस्थापक प्रमुख पदाधिकारियों तक नहीं पहुंच पायी।

गौरतलब है कि, 6 अप्रैल को मुंबई में भाजपा के स्थापना दिन समारोह के लिए नागपुर से निकली कार्यकर्ताओं की ट्रेन समय पर नहीं पहुंच पायी। अजनी रेलवे स्टेशन से सुबह 7.50 की ट्रेन छूटने पर कार्यकर्ताओं को 3.25 बजे अन्य ट्रेन से मुंबई के लिए रवाना किया गया। नागपुर स्टेशन से जिला ग्रामीण के कार्यकर्ताओं को लेकर निकली ट्रेन भी समय पर मुंबई नहीं पहुंच पायी। सभी विशेष ट्रेन गुजरात के सूरत स्टेशन होते हुए बांद्रा पहुंचीं। विधायक मिलिंद माने ने कहा था कि, पहले ही ट्रेन के समय को लेकर गड़बड़ी हुई। गुजरात होते हुए बांद्रा जाने से और भी विलंब हुआ।

इनका कहना है

सुधाकर कोहले, अध्यक्ष शहर भाजपा के मुताबिक नागपुर से विशेष ट्रेन छूटने को लेकर रेल प्रशासन व भाजपा के बीच निश्चित ही संवाद में कमी रही, फिर भी दोनों ओर से व्यवस्था संभालने में सहयोग दिया गया। मुंबई मेंं स्थापना दिन समारोह समाप्त होने के पहले जिले के कार्यकर्ता पहुंच चुके थे। विलंब अवश्य हुआ। ट्रेन छूटने को लेकर रेल प्रशासन की ओर से री-शेड्यूल की कॉपी शहर भाजपा का नहीं मिल पायी थी।

एस.जी. राव, सहायक वाणिज्य प्रबंधक, मध्य रेल का कहना है कि किसी भी ट्रेन के समय व रूट को लेकर लापरवाही नहीं हुई है। निर्धारित समय पर ही ट्रेन रवाना हुई। भाजपा विशेष ट्रेन को सूरत मार्ग से बांद्रा ले जाने की व्यवस्था पहले से ही थी। संबंधितों को यह सूचना दी गई थी।
 

Created On :   8 April 2018 3:04 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story