गोरा दिखने की चाहत बना रही चर्म रोगी, खतरनाक रसायन का होता है इस्तेमाल

Skin patient is making desire to look fair, dangerous chemical is used
गोरा दिखने की चाहत बना रही चर्म रोगी, खतरनाक रसायन का होता है इस्तेमाल
सावधान गोरा दिखने की चाहत बना रही चर्म रोगी, खतरनाक रसायन का होता है इस्तेमाल

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  गोरा दिखने की चाह में लोग त्वचा संबंधी बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह विशेषज्ञ की सलाह के बिना प्रयोग की जाने वाली क्रीम हैं। गोरा होने के लिए जिन क्रीम का उपयोग किया जा रहा है, उसमें स्टेरॉयड और मर्क्यूरी जैसे खतरनाक रसायन होते हैं, जिससे उन्हें त्वचा संबंधी समस्याएं आती हैं। मेडिकल कॉलेज त्वचा रोग विभागाध्यक्ष डॉ. जयेश मुखी ने बताया कि हर दिन 8 से 10 मरीज त्वचा संबंधी शिकायत को लेकर आते हैं। जिसमें स्टेरॉयड और मर्क्यूरी युक्त क्रीम का उपयोग करने के मामले ज्यादा हैं। इनमें भी 20 से 40 वर्ष तक की युवतियां और महिलाओं की संख्या सबसे अधिक है।

विशेषज्ञ की सलाह जरूरी
स्टेरॉयड क्रीम के उपयोग से परेशानी अाए, तो उसका प्रयोग बंद कर दें। ठंडे पानी की पट्टी चेहरे पर रखें और धूप से बचाव रखें। कोई भी घरेलू नुस्खा न अपनाएं। नाॅर्मल कोल्ड क्रीम का उपयोग करें। यदि आराम न मिले, तो स्किन रोग विशेषज्ञ की सलाह लें।

4 सप्ताह बाद दिखने लगता है दुष्परिणाम : विशेषज्ञों के अनुसार स्टेरॉयड और मर्क्यूरी युक्त क्रीम का बिना विशेषज्ञ की सलाह के उपयोग करने से 4 सप्ताह के बाद ही इसके दुष्परिणाम नजर आने लगते हैं, जिसकी वजह से चमड़ी में खून का संचार कम हो जाता है और वह पतली हो जाती है। चेहरे पर लाल चकत्ते हो जाते हैं। चेहरे पर खुजली, धूप में निकलने पर जलन होना, चेहरे पर बाल आ जाना, मुंहासे होना जैसे दुष्प्रभाव हैं। फंगल इंफेक्शन, बैक्टीरियल इंफेक्शन होने लगता है।
चेहरे पर हमेशा के लिए दाग पड़ जाते हैं।

केस-1 : मेडिकल कॉलेज में त्वचा संबंधी शिकायत लेकर आई 25 वर्षीय रश्मि सोनवने ने बताया कि उन्होंने अपनी फ्रेंड की सलाह पर फेस क्रीम खरीदी। 1 सप्ताह बाद ही स्किन में खुजली और जलन होने लगी। उसके पश्चात उन्होंने त्वचा रोग विशेषज्ञ की सलाह ली, फिर जानकारी मिली कि फेस क्रीम के कारण ही उन्हें परेशानी आ रही है।

केस-2 : 40 वर्षीय महिला आरती ने बताया कि उनके चेहरे पर बहुत ज्यादा झुर्रियां नजर आने लगी थीं। उन्होंने बिना डॉक्टर की सलाह लिए फेस क्रीम खरीदी। क्रीम का उपयोग करने के बाद उनकी समस्या और बढ़ गई। चेहरा काला पड़ने लगा। समस्या ज्यादा होने पर डॉक्टर को दिखाया, तो उन्होंने बताया कि क्रीम के कारण उनके चेहरे में कालापन आ गया। अब चेहरे के लिए डॉक्टर से इलाज करवा रही हंू।

Created On :   16 March 2023 12:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story