- Home
- /
- कुछ इस तरह पॉस मशीन कर सकती है...
कुछ इस तरह पॉस मशीन कर सकती है गरीबों की दीपावली काली

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जरूरतमंद और गरीबों को राशन दुकानों से सरकारी अनाज दीपावली से पहले मिले, ऐसे आसार नजर नहीं आ रहे हैं। जिससे लगता है कि उनकी दीपावली काली रह सकती है। दरअसल प्वाइंट ऑफ सेल (पॉस) मशीन पर अंगूठा मैच होने के बाद ही अनाज का वितरण किया जाता है। पॉस मशीने हर महीने 5 तारीख से एक्टिव होती है आैर दीपावली 7 नवंबर की है। इससे गरीबों को समय पर अनाज मिलना मुश्लिन लग रहा है। दो महीने का अनाज अक्टूबर में एक साथ देने की मांग उठ रही है। विधायक विकास कुंभारे ने भी इससंबंध में जिलाधीश से चर्चा करने का भरोसा दिया है। राशन दुकानदार संघ ने समय पर अनाज वितरीत नहीं होने पर विवाद खड़ा होने का खतरा जताते हुए एक साथ दो महीने का अनाज वितरित करने की अनुमति मांगी है।
पॉस मशीन आने के बाद राशन दुकानदार व उपभोक्ताआें की दिक्कते कम होने की बजाय बढ़ गई है। पॉस मशीन का सर्वर डाउन रहना, कनेक्टिविटी नहीं मिलना व अंगूठा नहीं मिलना यह रोज की समस्या बन गई है। इन तकनीकी खराबी के चलते कई बार उपभोक्ताआें (कार्ड धारक) का दुकानदारों के साथ विवाद हुआ है। अमरावती में तो एक राशन दुकानदार पर उपभोक्ता ने जानलेवा हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया था। 7 नवंबर को दीपावली है आैर उसके पूर्व हर उपभोक्ता घर में अनाज लाना चाहता है। नागपुर समेत पूरे राज्य में पॉस मशीन एक साथ एक्टिव होती है। मशीन हर महीने के 5 तारीख को एक्टिव होती है। ऐसे में समय पर अनाज वितरित नहीं करने का आरोप लगाकर उपभोक्ता अपना गुस्सा राशन दुकानदार पर उतार सकता है। दुकानदार अभी से ऐसे वाकये होने का अंदेशा जता रहे है।
राशन दुकानदार संघ नागपुर के अध्यक्ष सुभाष मुसले ने कहा कि नागपुर समेत पूरे राज्य की पॉस मशीने एक साथ एक्टिव होती है आैर यह काम मुंबई से होता है। दीपावली के पूर्व हर उपभोक्ता अनाज के लिए आएगा। पास मशीन एक्टिव नहीं रहने पर हम अनाज नहीं दे सकते। विवाद ख़ड़ा हो सकता है। अक्टूबर व नवंबर का अनाज एक साथ देना चाहिए। खाद्यान्न विभाग को इससंबंध में निवेदन दिया गया है। विभाग ने शीघ्र इस पर निर्णय लेना चाहिए।
पॉस मशीनों की तकनीकी दिक्कतों से उपभोक्ता परेशान होते रहते है। 5 नवंबर को मशीन एक्टिव होगी तो उपभोक्ताआें को समय पर अनाज मिनला मुश्किल हो सकता है। इसे देखते हुए अक्टूबर व नवंबर का अनाज एक साथ मिलना चाहिए। इससंबंध में जिलाधीश से चर्चा कर रास्ता निकालने की कोशिश होगी।
सरकार के समक्ष रखी जाएगी बात
लीलाधर वार्डेकर, खाद्यान्न आपूर्ति अधिकारी के मुताबिक दो महीने का अनाज एक साथ देने के संबंध में राशन दुकानदार संघ का निवेदन मिला है। यह मांग सरकार के समक्ष रखी जाएगी। सरकार जो आदेश देगी, उस पर अमल किया जाएगा। इस पर शासन स्तर पर ही निर्णय हो सकता है।
Created On :   7 Oct 2018 2:04 PM IST