- Home
- /
- घरेलू कलह में दामाद ने ससुराल जाकर...
घरेलू कलह में दामाद ने ससुराल जाकर दो वाहनों को लगाई आग

डिजिटल डेस्क, नागपुर । अजनी क्षेत्र में घरेलू कलह के चलते दामाद ने ससुराल में जाकर दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इस मामले में आरोपी नीलेश हेड़ाऊ के खिलाफ अजनी थाने में 435 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपी नीलेश की तलाश की जा रही है।
गोंदिया पुलिस विभाग में था पदस्थ
पता चला है कि, आरोपी नीलेश गोंदिया पुलिस विभाग में कार्यरत था, लेकिन उसे बर्खास्त कर दिया गया। नौकरी छूटने के बाद वह अधिक शराब पीने लगा था। उसकी शराब की लत से परेशान होकर पत्नी दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई। उन्हें घर ले जाने के लिए नीलेश ससुराल पहुंचा था। इस दौरान अनबन होने पर उसने घटना को अंजाम दिया और फरार हो गया। घटना 12 दिसंबर को रात करीब 1 बजे हुई।
शराब की लत के कारण पत्नी मायके चली गई
पुलिस सूत्रों के अनुसार तकिया वार्ड भंडारा निवासी मनीषा हेड़ाऊ (35) ने अपने पति नीलेश हेड़ाऊ के खिलाफ अजनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अजनी थाने के हवलदार सुनील ने बताया कि, मनीषा अपने 9 वर्षीय बेटे नैतिक और 6 वर्षीय बेटी परी के साथ मां के घर में रहती है। वह दिवाली में मां के यहां दोनों बच्चों के साथ रहने आई है। उसका पति नीलेश शराब का आदी है। वह गोंदिया में नायब पुलिस सिपाही के पद पर कार्यरत था, उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। बर्खास्त किए जाने पर वह ज्यादा शराब पीने लगा और बेहद परेशान करने लगे था। प्रताड़ना से तंग आकर वह दोनों बच्चों के साथ मां के यहां रहने आ गई।
पत्नी से घर चलने की जिद कर रहा था
11 दिसंबर को दोपहर करीब 2 बजे नीलेश ससुराल पहुंचा और पत्नी घर चलने की जिद करने लगा। पत्नी ने कहा कि, जब तक शराब नहीं छोड़ता, तब तक ससुराल वापस नहीं जाऊंगी। इससे नाराज नीलेश, मनीषा को बड़ा नुकसान करने की धमकी दकर चला गया। 12 दिसंबर को रात करीब 1 बजे नीलेश ने ससुराल पहुंचकर घर के सामने खड़ी अपने साले मंगेश कुंभारे और उनकी पत्नी के दोपहिया वाहनों को आग लगा दी। रात में मनीषा उठी तब जलते वाहनों से कुछ दूरी पर उसे नीलेश खड़ा दिखाई दिया। मनीषा ने भाई को आवाज दी, तो नीलेश मौका पाकर भाग गया। मनीषा ने घटना के बारे में अजनी थाने में शिकायत की।
Created On :   14 Dec 2020 12:15 PM IST