- Home
- /
- बीकेसी में हाईकोर्ट के लिए जल्द...
बीकेसी में हाईकोर्ट के लिए जल्द मिलेगी भूमि

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आश्वासन दिया है कि राज्य सरकार बांबे हाईकोर्ट के नये परिसर के लिए महानगर के पश्चिमी उपनगर बांद्रा स्थित बीकेसी में शीघ्र ही भूखंड आवंटित करेगी। शनिवार को शिंदे और फडणवीस राजभवन में प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति यू.यू. ललित के अभिनंदन कार्यक्रम में बोल रहे थे। प्रधान न्यायाधीश आठ नवंबर को सेवानिवृत होने वाले हैं।
राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी और बांबे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।शिंदे ने कहा, कि हमारी सरकार न्यायपालिका में पारदर्शिता लाने की योजना बना रही है। हम न्यायपालिका की बेहतरी के लिए निर्णय ले रहे हैं। नये उच्च न्यायालय परिसर के लिए बांद्रा में शीघ्र ही भूखंड आवंटित किया जाएगा।इस मुद्दे पर फडणवीस ने कहा कि नये उच्च न्यायालय भवन के लिए भूमि आवंटन को लेकर मुख्य न्यायाधीश दत्ता ने कई बार चिंता जताई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इसका शीघ्र समाधान किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने अदालत के बुनियादी ढांचे को बढ़ाने का फैसला किया है। उच्च न्यायालय के नये परिसर के वास्ते भूखंड आवंटन की हमारे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश दीपांकर दत्ता की चिंता करीब करीब हल हो गयी है। मुंबई के बांद्रा में जमीन से जुड़े सारे कानूनी मुद्दे हल कर लिये गये हैं। शीघ्र ही भूखंड आवंटित किया जाएगा।’’उन्होंने कहा कि दक्षिण मुंबई में वर्तमान उच्च न्यायालय भवन बहुत पुराना है। प्रधान न्यायाधीश को ‘महाराष्ट्र का लाल’ करार करते हुए शिंदे ने कहा कि अपने छोटे कार्यकाल के दौरान उन्होंने अदालत की कार्यवाही में पारदर्शिता लाने के लिए संवैधानिक अदालतों की कार्यवाही के सीधा प्रसारण जैसे कई अहम फैसले किये, जो प्रशंसनीय हैं।
‘महाराष्ट्र का बेटा’होने पर गर्वः ललित
न्यायमूर्ति ललित ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें‘ महाराष्ट्र का बेटा’होने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि मैं जल्द सेवानिवृत्त होने वाला हूं पर जब कभी न्यायिक कार्यों के लिए मेरी जरुरत रहेगी तो मैं हाजिर रहूंगा। न्यायमूर्ति ललित ने कहा कि महाराष्ट्र में कोंकण, सोलापुर व नागपुर से मेरा अधिक संबध रहा पर सभी जिलों की जानकारी के लिए मोटरसायकिल से दौरा किया। कई बार पंढरपुर ती वारी में हिस्सा लिया।
Created On :   5 Nov 2022 7:34 PM IST