- Home
- /
- दर्यापुर में सोयाबीन के दाम में...
दर्यापुर में सोयाबीन के दाम में उछाल , 8 हजार रुपए प्रति क्विंटल से हो रही खरीदी

डिजिटल डेस्क, अमरावती। दर्यापुर पिछले कुछ दिनों से गिर रहे सोयाबीन के दाम में तेजी शुरू हो गई है। यहां के कृषि उपज मंडी में इस सप्ताह के तीसरे दिन सोयाबीन 7 हजार रुपए से अधिक दाम में प्रति क्विंटल खरीदी की गई। गुरुवार को किसानों को 8 हजार रुपए प्रति क्विंटल दाम मिले। प्राकृतिक संकट व आर्थिक दुविधा के कारण किसानों ने शुरुआत में खुले बाजार में तीन से साढ़े तीन हजार मूल्य से सोयाबीन की बिक्री की थी, लेकिन अब सोयाबीन में तेजी आने से किसानों को इसका लाभ मिल रहा है। इस बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोयाबीन की मांग है। इस कारण सोयाबीन के मूल्य में तेजी आई है। वर्तमान स्थिति में बाजार में सोयाबीन और तुअर के मूल्य में तेजी चल रही है। शासन के गारंटी दाम से अधिक सोयाबीन व तुअर के अधिक दाम मिल रहे हैं। दर्यापुर की उपज मंडी में बुधवार और गुरुवार को 600 से 800 बोरे सोयाबीन की आवक हुई है। कम से कम 7 हजार रुपए और उच्च दर्जे के सोयाबीन को 8 हजार रुपए प्रति क्विंटल दाम मिल रहे हैं। सीजन समाप्त होने के बाद यह मूल्य मिलते रहने से किसानों में निराशा देखी गई है। अब कुछ किसानों के पास ही सोयाबीन का माल शेष है और कुछ लोगों ने खरीफ मौसम के बीज के लिए सोयाबीन घर में रखा है, लेकिन कुल मिलाकर वर्तमान में दाम बढ़ने से किसानों को दिलासा मिला है।
Created On :   8 April 2022 2:30 PM IST