सुमित्रा महाजन को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाने की अटकलें

Speculation about making Sumitra Mahajan the governor of Maharashtra
सुमित्रा महाजन को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाने की अटकलें
सुमित्रा महाजन ने कहा मुझे नहीं मिली अधिकृत जानकारी सुमित्रा महाजन को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाने की अटकलें

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  पूर्व लोकसभा अध्यक्ष व इंदौर की पूर्व सांसद को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल बनाने के मैसेज रविवार को सुबह से रात तक सोशल मीडिया पर चलते रहे। इस दौरान शुभकामनाओं के संदेश भी चले। हाालंकि दिनभर चले इन संदेशों की किसी ने पुष्टि नहीं की। वायरल मैसेज की पड़ताल करते हुए दैनिक भास्कर ने सुमित्रा महाजन और फिर राज्यपाल कार्यालय से बात की, जिन्होंने पूरे मामले को सिरे से खारिज किया। महाजन का कहना था कि उनके पास ऐसा कोई आदेश अभी तक नहीं आया और न ही किसी ने पूछा है।

समीक्षकों ने कारण बताना शुरू किया
दिनभर चर्चा चलती रही कि महाराष्ट्र के नए राज्यपाल के रूप में सुमित्रा महाजन को नई जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। वे मराठी हैं और महाराष्ट्र के एक प्रबुद्ध वर्ग में उनकी अच्छी-खासी पकड़ है। इसी बात को आधार बनाकर केंद्र ने महाजन को महाराष्ट्र का राज्यपाल बना दिया। कुछ समीक्षकों ने सोशल मीडिया पर कारण बताना भी शुरू कर दिया कि आखिर क्यों सुमित्रा महाजन को महाराष्ट्र की कमान सौंपी गई। इसमें कई तरह की अटकलें लगाई गईं….आदि..आदि। सुमित्रा महाजन का जन्म महाराष्ट्र के चिपलूण में 12 अप्रैल 1943 को हुआ था। वह एक कोंकणस्थ ब्राह्मण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। कोंकण में चुनाव की आमद होने वाली है। उसका एक हिस्सा महाराष्ट्र से भी जुड़ा है, जिसमें महाजन की अच्छी पकड़ है, इसी के चलते यह अटकलें लगाते हुए उन्हें राज्यपाल बनाने की चर्चा शुरू हुई। 29 जनवरी 1965 में इंदौर के जयंत महाजन के साथ उनकी शादी हुई। यहां से उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत हुई।

2019 में नहीं दिया था टिकट
8 बार इंदौर से सांसद चुनी गईं सुमित्रा महाजन को भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में अधिक उम्र के मापदंड के आधार पर टिकट नहीं दिया। इसके बाद तो कई बार उन्हें नई जिम्मेदारी देने की चर्चाएं सामने आई हैं।

अभी राज्यपाल का कार्यकाल बाकी है
इस मामले में महाराष्ट्र के वर्तमान राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी के कार्यालय से भी दैनिक भास्कर ने बात की। संबंधित कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अभी राज्यपाल का कार्यकाल करीब दो साल और बकाया है। वह पूरा करेंगे। सुमित्रा महाजन की नियुक्ति की अफवाह है। रविवार को देशभर में इसकी चर्चा रही, हमारे पास भी सुबह से फोन आ रहे हैं।

मुझे किसी ने कोई जानकारी नहीं दी
मुझे महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया जा रहा है, इस संबंध में अब तक किसी ने भी अधिकृत जानकारी नहीं दी और न ही इस बारे में कोई कम्यूनिकेशन हुआ है। यदि ऐसा होता, तो मुझे जानकारी होती। यह अफवाह है, मुझे सुबह से इसके लिए फोन आ रहे हैं।  -सुमित्रा महाजन, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष

Created On :   31 Oct 2022 7:35 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story