- Home
- /
- एस आर मोहंती होंगे मप्र के नए...
एस आर मोहंती होंगे मप्र के नए प्रशासनिक मुखिया, बीपी सिंह हुए रिटायर

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश का नया प्रशासनिक मुखिया सुधि रंजन मोहन्ती को बनाया गया है। मोहंती 1982 बैच के आईएएस अफसर हैं जो अब तक माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वर्तमान मुख्य सचिव बीपी सिंह का कार्यकाल पूरा हो गया है अब मोहंती कमलनाथ सरकार में मुख्य सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि, उनके सामने भी चुनौतियां कम नहीं रहेंगी। सबसे बड़ा लक्ष्य तो कांग्रेस के वचन पत्र (घोषणा पत्र) पर खरा उतरना होगा।
शिवराज सरकार के दौरान एस आर मोहंती लूप लाइन में रहे थे, लेकिन जैसे ही कमलनाथ सरकार बनी उसके बाद एस आर मोहंती के नाम पर चर्चा तेज हो गई। मुख्य सचिव की रेस में वह सबसे आगे माने जा रहे थे। ऐसा इसलिए क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, विवेक तनखा सहित अन्य नेताओं से मोहंती का बेहतर समन्वय है। जिसके बाद आखिरकर सोमवार को उनके नाम पर मुहर लगा दी गई। मुख्य सचिव की जिम्मेदारी मिलने के बाद अब माना जा रहा है कि रोजगार, औद्योगिक विकास, मौजूदा योजनाओं को पटरी पर लाना और प्रशासनिक मशीनरी को वास्तविक रूप से सक्रिय करना मोहंती का मुख्य लक्ष्य रहेगा। मोहंती की गिनती सख्त और काम को तरजी देने वाले अधिकारियों में होती है। वह सरकार की हर योजना को प्रदेश में लागू करने से लेकर उसके क्रियान्वयन तक बेहद समर्पित रहते हैं। मोहंती आईआईएम अहमदाबाद से पास आउट हैं। वे रिन्यूवल एनर्जी के प्रमुख सचिव भी रह चुके हैं।
एस आर मोहंती को कई अवॉर्ड भी मिल चुके हैं। मोहंती को दिसंबर 2000 में गवर्नेंस में नवाचारों के लिए विश्व बैंक और 19 अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियों द्वारा स्थापित सबसे नवीन परियोजना के लिए ग्लोबल डेवलपमेंट नेटवर्क अवार्ड मिला था। दुनिया भर से 160 प्रोजेक्ट में से उनका ये कांसेप्ट चुना गया था।
बता दें कि राज्य के मुख्य सचिव बसंत प्रताप सिंह सोमवार को रिटायर हुए हैं इसीलिए मोहंती को उनकी जगह नियुक्त किया गया है। सिंह को मध्य प्रदेश के राज्य निर्वाचन आयोग आयुक्त के पद पर नियुक्त किया गया है। सिंह 1984 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। जारी आदेश के अनुसार, सिंह को इस पद पर छह साल के लिए नियुक्त किया गया है, उनकी यह नियुक्ति छह साल या 66 वर्ष की आयु तक के लिए है। यह आदेश सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव ने जारी किया है।
Created On :   31 Dec 2018 6:53 PM IST