- Home
- /
- प्याज की दलाली में नागरिक आपूर्ति...
प्याज की दलाली में नागरिक आपूर्ति निगम के GM नपे, EOW ने की कार्रवाई

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के GM श्रीकांत सोनी को प्याज खरीदी में दलालों को मुनाफा पहुंचाने के लिए 5 लाख की मांग करने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया। इस बात की जानकारी एक न्यूज चैनल के के स्टिंग पर की गई। इसके बाद निगम के प्रबंध संचालक विकास नरवाल ने यह कार्रवाई की और साथ ही स्टिंग ऑपरेशन की जांच कराने का EOW से आग्रह किया।
EOW ने वीडियो को देखने पर पाया कि ये लोग शासन द्वारा किसानों से खरीदी जा रही प्याज को बेहद कम दामों में व्यापारियों को बेचने का प्रयास कर रहे थे। इसमें सोनी के साथ चिमनगंज, उज्जैन, शुजालपुर, मक्सी एवं मंडी शाजापुर के अधिकारियों ने हिडन कैमरे के सामने एमपी शासन के आदेश से 8 रुपए प्रति किलो खरीदी गई प्याज को, बेहद कम दाम में बेचने के लिये रिश्वत की मांग की।
शाजापुर, उज्जैन के व्यापारियों और मंडी दलालों के द्वारा इन अधिकारियों की मदद से बगैर खुली नीलामी के यह सम्पत्ति बेहद कम दामों में उपलब्ध करा देने की जिम्मेदारी ली। चूंकि प्याज के क्रय तथा फिर उसे खुली बोली के जरिये उचित दाम पर विक्रय करने की कार्यवाही विगत कई दिनों से चल रही थी। अत: इन अधिकारियों एवं संदेही व्यापारियों तथा दलालों द्वारा इस प्रकार की अवैध कार्यवाही काफी बड़े पैमाने पर किये जाने की आशंका है।
सोनी पर IPC की धारा 409, 420, 120B एवं धारा 7, 13(1)D व13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 का अपराध क्रमांक 36/17 पंजीबद्ध करके विवेचना में लिया गया है। श्रीकांत सोनी को पूछताछ के बाद हिरासत में लिया गया है। भोपाल, शाजापुर तथा उज्जैन में प्याज की इस वर्ष खरीदी एवं विक्रय से संबंधित रिकार्ड को कब्जे में लेने की कार्यवाही की जा रही है।
Created On :   20 July 2017 7:05 PM IST