- Home
- /
- सोलापुर विश्वविद्यालय के नाम बदलने...
सोलापुर विश्वविद्यालय के नाम बदलने के लिए मंत्रिमंडल की उपसमिति गठित

डिजिटल डेस्क, मुंबई। सोलापुर विश्वविद्यालय के नाम बदलने के बारे में फैसला लेने के लिए राज्य मंत्रिमंडल की उपसमिति गठित की गई है। प्रदेश के उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री विनोद तावडे की अध्यक्षता में उपसमिति बनाई गई है। सोलापुर विश्वविद्यालय को पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर नाम देने को लेकर राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में दिसंबर महीने में चर्चा हो चुकी है। अब सरकार ने इस विषय पर अधिक विचार विनमय करने और आमसहमति बनाने के लिए तावडे की अध्यक्षता में समिति बनाई है।
यह भी पढ़ें : पुणे: चायवाले ने फिर कायम की मिसाल, महीने की कमाई जान रह जाएंगे हैरान
राज्य सरकार के उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। इसके अनुसार उपसमिति में सदस्य के रूप में प्रदेश के खाद्य व आपूर्ति मंत्री गिरीश बापट, जलसंरक्षण मंत्री राम शिंदे और पशुसंवर्धन, दुग्धविकास व मत्स्यव्यवसाय मंत्री महादेव जानकर को शामिल किया गया है। सरकार ने उपसमिति से कहा है कि अंतिम फैसला लेने से पहले विश्वविद्यालय के नाम बदलने को लेकर विभिन्न संगठनों, विद्यार्थी समूह, राजनीतिक दल और सामाजिक कार्यकर्ताओं की तरफ से अब तक प्राप्त पत्रों के बारे विचार किया जाए। इसके लिए विश्वविद्यालय के कुलसचिव सभी जानकारी जुटा करके उपसमिति को सौंपेंगे।
सरकार चाहती है कि विश्वविद्यालय को दिया जाए अहिल्यादेवी होलकर का नाम
सोलापुर विश्वविद्यालय का नाम बदलने के बारे में लगातार विवाद होता आया है। धनगर समाज की इच्छा विश्वविद्यालय को अहिल्यादेवी होलकर का नाम देने की है। जबकि लिंगायत समाज के लोग विश्वद्यालय को ग्रामदेवता सिद्धेश्वर महाराज का नाम देने की मांग करते आए हैं। इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोलापुर विश्वविद्यालय को पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर का नाम देने की घोषणा नागपुर में 5 नवंबर 2017 को आयोजित धनगर आरक्षण निर्णायक सम्मेलन में किया था। मुख्यमंत्री के इस घोषणा का लिंगायत समाज ने तुरंत विरोध किया था।
Created On :   4 March 2018 11:26 PM IST