- Home
- /
- केंद्रीय मंत्रियों के दौरे के लिए...
केंद्रीय मंत्रियों के दौरे के लिए 56 लाख की कार खरीदेगी महाराष्ट्र सरकार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कर्ज में डूबी प्रदेश सरकार ने केंद्रीय मंत्रियों के दौरे के लिए 55 लाख 86 हजार रुपए खर्च करने जा रही है। इन पैसों से सरकार ने बुलेट प्रूफ फॉर्च्यूनर कार खरीदने का फैसला किया है। यह फॉर्च्यूनर कार नागपुर विभाग और नक्सल प्रभावित इलाकों में दौरे पर जाने वाले जेड प्लस सुरक्षा से लैस केंद्रीय मंत्रियों के लिए खरीदी जाएगी। जेड प्लस सुरक्षा वाले केंद्रीय मंत्री ही परिवहन के लिए इस कार का इस्तेमाल कर सकेंगे।
नागपुर विभाग के लिए होगी खरीद
मंगलवार को प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया। सरकार ने नागपुर जिला राजशिष्टाचार शाखा को बुलेट प्रूफ फॉर्च्यूनर (डीवी) कार खरीदने की मंजूरी दी है। आदेश के अनुसार राज्य सरकार के गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली राज्य स्तरीय खरीद समिति के साथ ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
किसे मिलती है जेड प्लस सिक्योरिटी
भारत में नेताओं, अधिकारियों या किसी शख्स की सुरक्षा खतरों को देखते हुए उन्हें सरकार और पुलिस द्वारा सुरक्षा मुहैया कराई जाती है। खतरों को देखते हुए ही जेड प्लस, जेड, वाई या एक्स कैटगरी की सुरक्षा देने का फैसला किया जाता है। इस तरह की सुरक्षा पाने वाले अधिकांश लोग केंद्र सरकार के मंत्री, राज्यों के मुख्यमंत्री, सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के न्यायाधीश, मशहूर राजनेता और कुछ सीनियर ब्यूरोक्रेट्स होते हैं।
जेड प्लस कैटगरी में 36 सुरक्षाकर्मी तैनात होते हैं। इनमें 10 एनएसजी और एसपीजी कमांडो होते हैं और शेष पुलिस दल के लोग होते हैं। यह सुरक्षा वीवीआईपीज को मिली होती है। सुरक्षा के पहले घेरे की जिम्मेदारी एनएसजी की होती है, जबकि दूसरे लेयर में एसपीजी के अधिकारी होते हैं। इनके अलावा आईटीबीपी और सीआरपीएफ के जवान भी सुरक्षा में तैनात होते हैं। जेड प्लस कैटगरी की सुरक्षा के तहत प्रधानमंत्री और पूर्व प्रधानमंत्रियों को एसपीजी कमांडो सुरक्षा कवच प्रदान करते हैं।
Created On :   27 Feb 2018 11:02 PM IST