- Home
- /
- 5 साल से चला रहा चोरी का वाहन ,...
5 साल से चला रहा चोरी का वाहन , आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पांचपावली पुलिस ने एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम अजय बोरकर (21), इंदोरा भंडार मोहल्ला, रमाबाई चौक, जरीपटका निवासी है। आरोपी से मोबाइल और एक दोपहिया वाहन पुलिस ने जब्त किया है। आरोपी ने वाहन करीब 5 साल पहले लेबर कोर्ट के पास रानी कोठी के समीप एक गली से चुराया था। वाहन के चोरी का मामला सीताबर्डी थाने में दर्ज है।
मोबाइल सड़क पर गिरने पर उठाकर भागा था : पुलिस सूत्रों के अनुसार बेझनबाग निवासी अश्विन लोखंडे (29) गत 1 सितंबर 2020 को रात करीब 11.45 बजे पांचपावली क्षेत्र में अजय चायनीज सेंटर के सामने रोड पर मोबाइल पर बात करते हुए पैदल घर जा रहा था। इस दौरान उसका करीब 7,000 रुपए का मोबाइल सड़क पर नीचे गिर पड़ा। इस दौरान पीछे से आ रहे आरोपी अजय बोरकर उसका मोबाइल लेकर भाग गया। तब अश्विन ने पांचपावली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया। पुलिस ने मोबाइल फोन का सीडीआर निकाला तो पता चला कि, सिमकार्ड धारक अजय राजेश बोरकर (21), इंदोरा भंडार मोहल्ला, रमाबाई चौक, जरीपटका निवासी उपयोग कर रहा है। पुलिस ने आरोपी अजय को मंगलवार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में अजय ने मोबाइल चुराने की बात स्वीकार की।
वर्ष 2015 में चुराया था वाहन
आरोपी से पुलिस ने दोपहिया वाहन (एम.एच.-31-डी.बी.-7014) भी जब्त किया। यह वाहन आरोपी ने वर्ष 2015 में सिविल लाइंस स्थित रानी कोठी के पास लेबर कोर्ट के पीछे एक गली से चुराने की बात स्वीकार की। पुलिस उपायुक्त लोहित मतानी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। पांचपावली पुलिस ने उक्त कार्रवाई की।
Created On :   20 Jan 2021 2:36 PM IST