- Home
- /
- बीबीए की पढ़ाई कर रहा छात्र कर्ज...
बीबीए की पढ़ाई कर रहा छात्र कर्ज चुकाने के लिए बना चोर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बीबीए की पढ़ाई कर रहा एक छात्र कर्ज चुकाने के लिए अपने घर के सामने वाले मकान में चोरी की। कलमना पुलिस ने इस छात्र को लता मंगेशकर गार्डन में पेड़ के नीचे से गिरफ्तार किया, वह वहां छिपकर बैठा था। आरोपी दिवेश मनोज खखर (19) जलाराम नगर कलमना निवासी है, वह बीबीए की पढ़ाई कर रहा है। दिवेश ऑनलाइन शेयर मार्केट का गेम खेला करता था। इसके चलते उस पर कर्जबाजारी हो गई थी। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने ही घर के सामने वाले मकान में चोरी की और पकड़ा गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्लाॅट नं. 17, जलाराम नगर, रेलवे क्रासिंग के पास रहने वाले कपिल वसाणी ने कलमना थाने में चोरी की शिकायत की थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी वॉच की गणेशपेठ में दुकान है। गत 14 नवंबर को सुबह करीब 10.30 बजे उनका परिवार मकान में ताला बंद लगाकर कलमेश्वर में हरि धाम में भागवत सुनने गए था। वह रात करीब 11.30 कलमेश्वर से घर लौटे, तो कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था। मुख्य दरवाजे के बगल की दीवार पर अंग्रेजी में राजा भाऊ लिखा हुआ था। कपिल और उनके भाई ने अपने-अपने कमरे में जाकर देखा तो अलमारी के लाॅकर से गहने व नकदी सहित करीब 2 लाख 15 हजार रुपए का माल अज्ञात चोर चुरा ले गया था। कपिल की शिकायत पर कलमना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया। जांच के दौरान कलमना के थानेदार विनोद पाटील को गुप्त सूचना मिलने पर आरोपी दिवेश को लता मंगेशकर गार्डन में एक पेड़ के नीचे से गिरफ्तार कर लिया गया।
Created On :   25 Nov 2021 2:57 PM IST