मेयो से भागे मरीज की पत्नी व बेटे को अचानक दूसरी जगह किया शिफ्ट

Sudden shift of patient and wife of runaway from Mayo to another place
मेयो से भागे मरीज की पत्नी व बेटे को अचानक दूसरी जगह किया शिफ्ट
मेयो से भागे मरीज की पत्नी व बेटे को अचानक दूसरी जगह किया शिफ्ट

डिजिटल डेस्क,  नागपुर । मनपा प्रशासन ने मेयो अस्पताल से भागे रामदास टेकाम (25) की पत्नी व दो साल के बेटे को अचानक नाइट शेल्टर से निकालकर तुली हॉस्टल में शिफ्ट कर दिया है। याद रहे मनपा की तरफ से विस्थापित कामगार रामदास टेकाम को 2 अप्रैल को मेयो अस्पताल के वार्ड नं. 5 में भर्ती किया गया था। रोगी दूसरे दिन 3 अप्रैल को अस्पताल से भाग गया था। रोगी की पत्नी व दो साल का बेटा नाइट शेल्टर में थे।

मामला सामने आने के तुरंत बाद मनपा प्रशासन ने मरीज की पत्नी व दो साल के बेटे को बोखारा रोड पर तुली हॉस्टल में शिफ्ट कर दिया। इधर अस्पताल प्रशासन ने रोगी के भागने की लिखित सूचना तुरंत तहसील पुलिस को दी थी। हालांकि रोगी अब तक नहीं मिला। राहत भरी बात यह है कि अस्पताल से भागे रामदास की रिपोर्ट कोरोना निगेटिव आई है। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस विभाग के अलावा वरिष्ठ अधिकारियों को दी। मनपा ने जिस नाईट शेल्टर में रामदास को रखा था, उसकी जिम्मेदारी परमात्मा एक बहुउद्देशीय शिक्षण संस्था संभाल रही है। संस्था ने अस्पताल प्रशासन को पत्र लिखकर रामदास कहां है, इसकी जानकारी देने को कहा है।

पत्र का जवाब नहीं मिला
मनपा ने छिंदवाड़ा के रामदास टेकाम को नाईट शेल्टर के हवाले किया था। 2 अप्रैल को मनपा की टीम उसे मेयो अस्पताल ले गई थी। इसके बाद से वह वापस नहीं आया। अस्पताल से भागने की बात पता चली है। अस्पताल प्रशासन को पत्र लिखकर रोगी के बारे में जानकारी मांगी है। अभी तक पत्र का जवाब नहीं मिला है
- भास्कर पराते, अध्यक्ष, परमात्मा एक बहुउद्देशीय शिक्षण संस्था नागपुर

मरीज के भागने की सूचना पुलिस को दी
वार्ड नं. 5 से रामदास टेकाम के भागने की लिखित सूचना उसी वक्त तहसील पुलिस को दी थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंचे थे। उसकी कोरोना रिपाेर्ट निगेटिव आई है। इसकी जानकारी भी पुलिस व वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है। डाॅक्टर का काम रोगी का इलाज करना है। परिसर की सुरक्षा व कानून व्यवस्था पुलिस का काम है। रोगी भाग गया है आैर इसे पकड़ने की जिम्मेदारी पुलिस की है। रोगी को भर्ती करते वक्त संस्था ने पत्र नहीं दिया था, इसलिए रोगी कहां है यह अस्पताल प्रशासन से पूछने का अधिकार भी संस्था को नहीं है।

- डाॅ. सागर पांडे, उपअधीक्षक, मेयो अस्पताल

 

Created On :   11 April 2020 4:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story