- Home
- /
- सकुशल लौटा अगवा हेडमास्टर , डकैत...
सकुशल लौटा अगवा हेडमास्टर , डकैत ललित का सुराग नहीं

डिजिटल डेस्क,सतना। इनामी डकैत ललित पटेल के चंगुल से बचकर भागे हेडमास्टर यशोदा कोल अभी भी सदमे से उभर नहीं पाए है। पुलिस पूछताछ के दौरान कोल भावुक हो गए। और उनकी आंखों से आंसू बह निकले। नयागांव थाना इलाके के दस्यु प्रभावित गांव मुड़ियादेव स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के हेडमास्टर का 30 हजार के इनामी डकैत ललित पटेल ने अपहरण कर लिया था। उन्हें छोड़ने की एवज में 20 लाख रूपए की मांग की थी। आईजी,डीआईजी और एसपी की मौजूदगी में पूछताछ के बाद हेडमास्टर को उनके रीवा जिले में स्थित सोहावल गांव भेज दिया गया।
हाथ-पैर बांध देते थे डकैत
एक हफ्ते से ज्यादा ललित गैंग के चंगुल में रहे हेड मास्टर यशोदा कौल ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि 9 जुलाई की रात तकरीबन साढ़े ८ बजे जब वो खैरवार बस्ती से खाना खाकर स्कूल लौट रहे थे, तभी रास्ते में 5 हथियार बंद डकैतों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। डकैत उन्हें यूपी के फतेहगंज थाना इलाके में स्थित गोबरी गोडऱामपुर के जंगल में ले गए। जहां हाथ-पैर बांध कर आंखों पर काली पट्टी बांध दी। एक डकैत हमेशा उनकी निगरानी करता था। इसके बाद उन्हें डकैत कोल्हुंआ के जंगल ले गए। बाकी दिनों में डकैत जंगल में एक डेढ़ किलोमीटर के दायरे में घुमाते थे और खाना देने के बाद रात में फिर से हाथ पैर बांध देते थे। यशोदा कौल ने बताया कि डकैतों ने मारपीट नहीं की। फिरौती के लिए घर वालों से फोन पर बात भी की।
प्रेशर के कारण छोड़ा
डकैतों के चंगुल में फंसे हेडमास्टर यशोदा प्रसाद कौल की सकुशल रिहाई का सच कुछ भी हो लेकिन पुलिस के दावे के मुताबिक गिरोह चौतरफा प्रेशर के कारण अगवा हेडमास्टर को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बताया कि 16 जुलाई की रात लगभग तकरीबन साढ़े 8 बजे बरौंधा थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह जयशूर की सर्चिंग टीम ने देखा कि जंगल में संदिग्ध लोग मौजूद है। इस टीम के अलावा पुलिस के 4 और दस्ते भी अलग-अलग दिशाओं से सर्चिंग पर थे। पुलिस ने डकैतों की आशंका पर ललकार लगाई तो बदहवास यशोदा ने हाथ उठा दिए। पुलिस यशोदा को लेकर बरौंधा थाने पहुंची।
Created On :   18 July 2017 9:40 AM IST