- Home
- /
- चरित्र पर संदेह, महिला पर किया...
चरित्र पर संदेह, महिला पर किया ब्लेड से हमला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नंदनवन क्षेत्र में एक 40 वर्षीय महिला पर आरोपी ने ब्लेड से हमला कर उसे गंभीर जख्मी कर दिया। महिला की शिकायत पर नंदनवन पुलिस ने आरोपी फिरोज खान (42) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी फिरोज महिला के चरित्र पर संदेह करने लगा था। दोनों करीब 17 वर्ष से लिव-इन-रिलेशन में रह रहे थे। आरोपी फरार है। पुलिस के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना की बिल्डिंग नं.-1 में दोनों एक साथ रहते थे। 31 जुलाई को फिरोज सिद्धीकी खान, बंदेनवाज नगर, दहीबाजार रोड निवासी ने ब्लेड से प्रेमा के दोनों गाल व सिर पर हमला कर उसे गंभीर जख्मी कर फरार हो गया।
दो युवकों पर ब्लेड से हमला
रंजिश के चलते दो मित्रों पर ब्लेड से हमला किया गया। रविवार को सक्करदरा थाने में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। जख्मी युवक आजाद कालोनी, बड़ा ताजबाग निवासी जख्मी शेख अयूब (32) और सलमान है। आरोपी परिसर में ही रहने वाला शेख अशरफ (22) है। शनिवार को रात 12.15 बजे किसी बात को लेकर सलमान और अशरफ के बीच विवाद हुआ, जिसे अयूब ने मध्यस्थता कर सुलझाने का प्रयास किया। इसके बाद अयूब और सलमान पैदल घर जा रहे थे। इस बीच पीछे से अशरफ ने दोनों पर ब्लेड से वार कर दिया।
दो बहनें संदिग्ध स्थिति में गायब
वाड़ी थानांतर्गत दो बहनें संदिग्ध स्थिति में गायब हो गईं। खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला है। संदेह है कि, उन्हें किसी ने अगवा किया है। गायब हुई लड़कियों की आयु 16 और 20 वर्ष है। रिश्ते में वह बहने हैं। 30 जुलाई की रात दोनों एक ही कमरे में सोई थीं। सभी रिश्तेदार और परिचितों के यहां उनकी खोजबीन की गई है, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। प्रकरण दर्ज किया गया है।
पार्सल से भरा बैग उड़ाया
किसी ने लोगों के पार्सल से भरे बैग उड़ा दिए। घटना हुड़केश्वर थानांतर्गत हुई। प्रकरण दर्ज किया गया है। अभी तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है। खुशबू हनुमानप्रसाद गुप्ता (24), अयोध्या नगर निवासी है। वह अमेजन कंपनी में कार्यरत हैं। वह लोगों ने बुक किए पार्सल पहुंचाने का काम करती है। शुक्रवार को सुबह 10 बजे खुशबू मानेवाड़ा रोड स्थित धनश्री अपार्टमेंट में किसी का पार्सल पहुंचाने के लिए गई थी। अपार्टमेंट में प्रवेश करते समय उसने अपना पार्सल बैग दोपहिया वाहन पर रखा और पार्लस देने अपार्टमेंट में गई, लेकिन जब लौटी तो वाहन पर से बैग गायब था। बैग में कुल डेढ़ लाख रुपए का माल था।
Created On :   2 Aug 2021 1:24 PM IST