भरोसा सेल ने उतारी मनचलों की आशिकी, साढ़े 3 हजार मनचलों पर की कार्रवाई

Tampering with the women and school girls in nagpur district
भरोसा सेल ने उतारी मनचलों की आशिकी, साढ़े 3 हजार मनचलों पर की कार्रवाई
भरोसा सेल ने उतारी मनचलों की आशिकी, साढ़े 3 हजार मनचलों पर की कार्रवाई

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ व छींटाकशी करने वाले साढ़े तीन हजार से अधिक मनचलों की आशिकी भरोसा सेल ने उतारी है। एक साल के भीतर शहर पुलिस के ‘भरोसा सेल’ की महिला पुलिस विंग ने स्कूल, कॉलेज और उद्यानों के पास छेड़छाड़ करने वाले करीब 3.5 हजार मनचलों पर कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के बाद काफी हद तक मनचलों की गतिविधियों पर लगाम लगने की जानकारी है।

ग्रुप बनाकर छेड़छाड़ की मिल रही थीं शिकायतें
शहर में कई स्कूल-कॉलेज और उद्यानों के आसपास युवकों का ग्रुप द्वारा अकेली लड़की को पाकर उसके साथ छेड़छाड़ करने की शिकायतें लगातार  पुलिस आयुक्त डॉ. के. व्यंकटेशम को मिल रही थीं। हालाकि उन्होंने संबंधित थानों को ऐसे मनचलों पर लगाम कसने के निर्देश भी दिए, लेकिन  काम-काज के अधिक बोझ और बल की कमी के कारण इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाना मुश्किल हो रहा था। आखिरकार आयुक्त ने करीब एक वर्ष पूर्व 1 जनवरी 2017 को विशेषकर महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई और प्रकरणों का निपटारा करने के लिए ‘भरोसा सेल’ का गठन किया और महिला गश्ती दल का गठन कर निरीक्षक शुभदा संखे और जगताप को इसकी जिम्मेदारी सौंपी।

थाने में परिजनों को बुलाकर मनचलों को किया शर्मसार
गश्ती दल की महिला पुलिस जवानों को सादे लिबास में शहर के कई स्कूल-कॉलेजों के अलावा तेलंगखेड़ी, महाराजबाग, अंबाझरी, गांधीबाग, दयानंद पार्क आदि स्थानों पर तैनात िकया गया। इन स्थानों पर लड़कियों को देखकर आप-पास मंडराने तथा उन्हें देखकर छींटाकशी करने वाले मनचलों पर गश्तीदल ने शिकंजा कसना शुरू किया और एक वर्ष के भीतर कुल 3 हजार 526 मनचलों के सिर से आशिकी का भूत उतार दिया है। इन सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धारा 110 और 117 के तहत कार्रवाई की गई। जिन मनचलों को पकड़ा गया उनके परिजनों को थाने बुलाया गया और इन मनचलों को अपने परिजनों के सामने भी शर्मसार होना पड़ा।

किस माह में कितनी कार्रवाई
वर्ष-2017 में जनवरी में 105, फरवरी में 133, मार्च में 263, अप्रैल में 319, मई में 478, जून में 243, जुलाई में 322, अगस्त में 405, सितंबर में 411, अक्टूबर में 324, नवंबर में 218 और दिसंबर में 325, इस प्रकार कुल साढ़े तीन हजार मनचलों पर शिकंजा कसा गया। 

262 स्कूूल-कॉलेजों में किया संपर्क
विविध स्थानों को चिह्नित करने के लिए महिला दस्ते ने 2,588 स्थानों पर दौरा किया। इसके अलावा छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और  विविध समस्याओं का निराकारण करने के लिए करीब 262 स्कूूल और कालेजों में संपर्क किया गया। 

निर्धारित स्थानों पर सादे लिबास में किया गया तैनात
इस कार्रवाई के लिए महिला पुलिस अधिकारी और उनके दस्ते ने शहर में जिन स्थानों पर अक्सर छेड़छाड़ और छींटाकशी की घटनाएं घटित होती हैं, पहले तो उन क्षेत्रों का दौरा किया। पश्चात कार्रवाई करने का खाका तैयार किया। संबंधित क्षेत्रों में विभाग की महिलाओं को गोपनीय तरीके से सादे लिबास में तैनात किया गया, तब कहीं जाकर इतने बड़े पैमाने पर कार्रवाई को अंजाम दिया जा सका।
 

Created On :   14 March 2018 2:32 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story