- Home
- /
- 7 वर्ष की तनिष्का ने बनाया अनोखा...
7 वर्ष की तनिष्का ने बनाया अनोखा रिकार्ड, सभी 36 तीरों से लक्ष्य भेदने में रही सफल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बी.एच. तनिष्का की उम्र है महज सात वर्ष, लेकिन हुनर ऐसा कि बड़े से बड़े तीरंदाज भी हक्का-बक्का रह जाएं। उम्र के सिर्फ पांच वर्ष से कम्पाउंड तीरंदाजी में सफलता के झंडे फहरा रही तनिष्का यहां अखिल भारतीय आमंत्रित ‘महापौर चषक’ तीरंदाजी स्पर्धा के अंडर-9 वर्ग में सभी 36 तीरों से लक्ष्य भेदने में सफल रहीं और 360 में से 360 अंक उसने प्राप्त कर तीरंदाजी में अनोखा रिकॉर्ड दर्ज किया। स्पर्धा का आयोजन महाराष्ट्र तीरंदाजी एसोसिएशन, नागपुर जिला तीरंदाजी एसोसिएशन तथा नागपुर महानगरपालिका के संयुक्त मेजबानी में रेशमबाग मैदान में किया गया ।
फिर भी रिकॉर्ड अधिकृत नहीं
तनिष्का आंध्र प्रदेश के भीमावरम जिले की रहने वाली दूसरी कक्षा की छात्रा है। उसने अंडर-9 वर्ग में दस मीटर स्पर्धा के दौरान 36 में से 27 तीर बीच में (तीरंदाजी में इसे ‘एक्स’ कहा जाता है) मारे। हालांकि तनिष्का का अंडर-9 वर्ग स्पर्धात्मक नहीं था। यह चूंकि प्रमोशनल स्पर्धा थी, इस वजह से तनिष्का का रिकॉर्ड अधिकृत नहीं माना जाएगा। बावजूद इसके तनिष्का के हुनर ने सभी को चौंका दिया है।
सुबह-शाम 200 बार भेदती है लक्ष्य
जिस आयु में बच्चे तीर नहीं उठा सकते उस उम्र में तनिष्का कम्पाउंड वर्ग की चैंपियन है। कोच गोपाल गांधी शिष्य के अतुलनीय प्रदर्शन पर फूले नहीं समा रहे। उन्होंने बताया कि तनिष्का प्रतिदिन अभ्यास के दौरान सुबह-शाम कम से कम 200 बार लक्ष्य का भेद करती है।
अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिलेगी : चांदुरकर
तीरंदाजी महासंघ के सहचिव तथा ज्यूरी प्रमोद चांदुरकर भी तनिष्का की असामान्य प्रतिभा के कायल हैं और उन्होंने इस उपलब्धि को अद्भुत बताया। गोपाल गांधी इस नन्ही तीरंदाज के कोच हैं। वह ‘डिवाइन आर्चरी अकादमी’ में प्रशिक्षण हासिल कर रही है। कोच गांधी ने कुछ ही दिनों में तनिष्का के हुनर की पहचान कर उसकी प्रतिभा को तराशा।
जुनून के कारण मिली सफलता : मां
मां दीपिका ने कहा कि तनिष्का अपने जुनून के कारण इस मुकाम तक पहुंचने में सफल रही है।
आगे भी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखूंगी : तनिष्का
असामान्य प्रतिभा के धनी तनिष्का ने कहा कि आगे भी इसी तरह की प्रदर्शन जारी रखूंगी। इस सफलता का श्रेय मेरे माता-पिता तथा कोच गोपाल गांधी को जाता है।
Created On :   14 Nov 2018 10:30 AM IST