नागपुर में दूर हो रहा लक्ष्य, स्टॉक नहीं मिलने से 1.50 लाख वैक्सीनेशन कम

नागपुर में दूर हो रहा लक्ष्य, स्टॉक नहीं मिलने से 1.50 लाख वैक्सीनेशन कम
नागपुर में दूर हो रहा लक्ष्य, स्टॉक नहीं मिलने से 1.50 लाख वैक्सीनेशन कम

डिजिटल डेस्क,  नागपुर ।  कोरोना महामारी से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने 16 जनवरी से वैक्सीनेशन कार्यक्रम शुरू किया है। शहर में भी इसी दिन वैक्सीनेशन कार्यक्रम की शुरुअात हुई है। लेकिन समय-समय पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध नहीं होने से वैक्सीनेशन बंद भी करना पड़ा है। इस बार लगातार तीन दिन वैक्सीनेशन बंद रहा है। मनपा द्वारा कोविशील्ड और काेवैक्सीन नि:शुल्क दी जा रही है। कोवैक्सीन को लेकर कभी कोई केंद्र बंद नहीं करना पड़ा, लेकिन कोविशील्ड को लेकर जनवरी से अब तक करीब 15 बार वैक्सीनेशन केंद्र बंद रखने पड़े हैं। हर रोज औसत 10 हजार लोगों को कोविशील्ड वैक्सीन लगाई जाती है। इस हिसाब से कोविशील्ड की उपलब्धता के अभाव में 1.50 लाख लोगों का समय पर वैक्सीनेशन नहीं हो पाया है। 30 जून तक 8,81,508 लोगों ने वैक्सीन का पहला व दूसरा डोज लिया है। सरकार समय पर पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध कराती तो यह संख्या 10,31,508 से अधिक हो सकती थी।

90% लोग लगा रहे कोविशील्ड 
मनपा को अब तक कुल 8,69,890 डोज प्राप्त हुए हैं। इनमें से 7,89,730 डोज कोविशील्ड के और 80,160 डोज कोवैक्सीन के मिले हैं। कोवैक्सीन लगानेवालों की संख्या 10 फीसदी व कोविशील्ड लगानेवालाें की संख्या 90 फीसदी है। कोवैक्सीन के लिए 3 केंद्रों पर सुविधा है, वहीं काेविशील्ड के लिए 100 से अधिक केंद्रों पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। इसलिए कोविशील्ड का स्टॉक जल्द खत्म हो जाता है।

18 प्लस को सर्वाधिक इंतजार
मई से 18 प्लस का वैक्सीनेशन शुरू किया गया था। गांधीनगर स्थित इंदिरा गांधी रुग्णालय में महापौर दयाशंकर तिवारी की उपस्थिति में इसकी शुरुआत हुई थी। इसके बाद कभी 6 तो कभी 9 केंद्रों पर इस आयुवर्ग के लिए वैक्सीनेशन की सुविधा मुहैया कराई गई। 12 मई तक 11141 लोगों को वैक्सीन दी गई। इसके बाद राज्य सरकार के निर्देशानुसार इस आयुवर्ग का वैक्सीनेशन बंद कर दिया गया। करीब डेढ़ महीने तक इस आयुवर्ग का वैक्सीनेशन ही शुरू नहीं हो पाया। इसके पीछे वैक्सीन की उपलब्धता कम होना बताया गया। 27 जून को मनपा को काेविशील्ड के 14,400 और कोवैक्सीन के 7,700 डोज प्राप्त हुए। कोविशील्ड का नया व पुराना स्टॉक मिलाकर 28 जून को वैक्सीनेशन किया गया। इसके बाद से कोविशील्ड का वैक्सीनेशन बंद है

दो बार रिकॉर्ड टूटे, तीन दिन से वैक्सीनेशन बंद
 जनगणना के आधार पर 18 प्लस की संख्या 20 लाख से अधिक है। सरकार ने 23 जून से 18 प्लस के लिए वैक्सीनेशन शुरू किया गया है। 30 जून तक इस आयुवर्ग के 1,48,156 लोगों ने पहला और 7,860 लोगों ने दूसरा डोज लिया है। 23 जून को इस आयुवर्ग ने वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड तोड़ा था। इस दिन 22,221 ने वैक्सीन लगवाई थी। इनमें से 20,337 लोग 18-44 आयुवर्ग के थे। इसके अगले दिन 24 जून को इसी आयुवर्ग के 15,857 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इसके बाद मनपा का स्टॉक खत्म हो गया। अगले दिन 25 जून को कोविशील्ड नहीं होने से केंद्र बंद रखे गए थे। वैक्सीन का स्टॉक आने पर 26 जून को केंद्र शुरू रखे गए। इस दिन भी रिकॉर्ड टूटा। शहर में 30,313 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इसमें 18-44 आयुवर्ग की संख्या 20,925 थी। इसके बाद 27 जून को वैक्सीनेशन बंद था। 28 जून को कोविशील्ड का वैक्सीनेशन हुआ। 29 जून से लगातार कोविशील्ड का वैक्सीनेशन नहीं हो पाया है।
 

Created On :   2 July 2021 10:06 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story