- Home
- /
- दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया...
दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया किशोर तालाब में डूबा,दूसरे दिन मिली जानकारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कुही के पांचगांव में पिकनिक मनाने गए किशोर की तालाब में डूबकर मौत हो गई। वह अपने पांच दोस्तों के साथ गया था। घटना के दूसरे दिन उसके एक दोस्त ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी तो हाहाकार मचा। परिजनों ने पुलिस से संपर्क साधा, इसके बाद शव की तलाश शुरू हुई। उधर, कुही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चुपचाप घर लौट आए थे सारे दोस्त
कुही पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 मार्च की दोपहर करीब 2 बजे नागपुर के वर्धमान नगर, मां भगवती नगर निवासी अनमोल गौतम कराले अपने दोस्तों सुनील शाहू, गोलू शाहू, सतीश शाहू, अरुण शाहू, प्रीतम के साथ कुही क्षेत्र के पांचगांव गया था। उसके सारे दोस्त वर्धमान नगर के एक ही बस्ती के रहने वाले हैं। वहां तालाब में सारे दोस्त तैरने के लिए उतरे। अचानक अनमोल कराले डूब गया। दूसरे दिन घटना की जानकारी मिलने पर कुही पुलिस घटनास्थल पर पहंुची। पुलिस ने अपने स्तर पर अनमोल की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार को गोताखोर जगदीश खरे को कुही पुलिस ने बुलाया। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद अनमोल का शव खोजने में खरे को कामयाबी मिली। कुही के थानेदार सीए मदने ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया।
मामा के पास रहता था अनमोल
सूत्रों के अनुसार, अनमोल गौतम कराडे अपने मामा के साथ रामा स्टील के पास मां भगवती नगर, वर्धमान नगर में रहता था। अनमोल के माता-पिता का देहांत हो चुका है, जिसके चलते वह मामा के घर में ही रहता था।
घटना के दिन ही दोस्तों ने क्यों नहीं दी जानकारी
चर्चा है कि अनमोल और उसके सभी दोस्त तैरने के लिए पानी में कूद गए। अचानक अनमोल और उसके दो मित्र डूबने लगे। बाकी मित्रों ने पानी में डूब रहे अनमोल और अन्य दो मित्रों को बचाने का प्रयास किया। दो मित्रों को तो बचा लिया गया, पर अनमोल डूब गया। सभी दोस्त पांचगांव से घर वापस लौट आए, लेकिन उस दिन उन्होंने किसी को घटना के बारे में नहीं बताया। इससे सवाल खड़े हो रहे हैं। दूसरे दिन प्रीतम ने अपनी मां को घटना के बारे में बता दिया। प्रीतम की मां ने अनमोल के मामा को बताया। उसके बाद घटना की जानकारी कुही पुलिस को 2 मार्च को दी गई।
Created On :   4 March 2021 11:43 AM IST