- Home
- /
- शीत सत्र के लिए अस्थायी पद भर्ती...
शीत सत्र के लिए अस्थायी पद भर्ती आगे बढ़ी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शीत सत्र को लेकर बने सस्पेंस को देखते हुए प्रशासन ने शीत सत्र के लिए अस्थायी तौर पर होने वाली पद भर्ती को आगे बढ़ा दिया है। सरकार ने 7 दिसंबर से नागपुर में शीत सत्र लेने की घोषणा की थी, लेकिन कोरोना को देखते हुए भ्रम बना हुआ है। प्रशासन ने शीत सत्र के लिए अस्थायी पद भर्ती का निर्णय लिया था, लेकिन अभी खुद ही इसे आगे बढ़ा दिया है। लोक कर्म विभाग नेे भी किसी काम का वर्क ऑर्डर जारी नहीं किया है।
साक्षात्कार अवधि को भी आगे बढ़ाया : शीत सत्र के लिए सिपाही, संदेशवाहक, क्लर्क व टाइपिस्ट की अस्थायी पद भर्ती की जाती है। जिला कौशल, रोजगार व उद्योजकता मार्गदर्शन केंद्र ने सिपाही व संदेशवाहक के 24 पदों के लिए 26 नवंबर व क्लर्क आैर टाइपिस्ट के 10 पदों के लिए 27 नवंबर को सुबह 11.30 बजे विधान भवन में साक्षात्कार का आयोजन किया था। फिर कहा कि साक्षात्कार के सुधारित कार्यक्रम की जानकारी संबंधित उम्मीदवारों को उपलब्ध कराई जाएगी। साक्षात्कार क्यों आगे बढ़ाया गया, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई।
मुंबई बैठक के बाद ही साफ होगी तस्वीर : इधर, शीत सत्र को लेकर मुंबई से कोई दिशा-निर्देश नहीं मिलने से लोक कर्म विभाग ने किसी भी काम के वर्क ऑर्डर जारी नहीं किए। टेंडर प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। 7 दिसंबर से नागपुर में शीत सत्र नहीं होगा, यह लगभग तय हो गया है। क्योंकि 7 दिसंबर से शीत सत्र हुआ तो लोक कर्म विभाग दुरुस्ती व मेंटेनंेस के काम पूरा नहीं कर सकेगा। मुंबई में 24 नवंबर को होने वाली बैठक पर सभी की नजर लगी हुई है। मुंबई में जो बैठक होगी, उसके बाद ही शीत सत्र को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी।
Created On :   21 Nov 2021 5:11 PM IST