- Home
- /
- प्रवासी मजदूरों को भेजने तैयार है...
प्रवासी मजदूरों को भेजने तैयार है एसटी की दस हजार बसेस - परब

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोरोना संकट के चलते लॉकडाउन में फंसे प्रवासी मजदूरों की घर वापसी के मामले में फिलहाल ऊहापोह है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की सहमति के बाद फिलहाल जमीनी स्तर पर इसकी कोई तैयारी दिखाई नहीं दे रही है, इस बीच महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री अनिल परब ने कहा कि राज्य सड़क परिवहन की एक हजार बसें प्रवासी मजदूरों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए तैयार हैं। परिवहन मंत्री श्री परब ने बुधवार को कहा कि राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी) की एक हजार बसों को तैयार रखा गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से निर्देश मिलते ही एसटी की बसों से प्रवासी मजदूरों को भेजने की व्यवस्था की जाएगी। हालांकि अभी तक हमारे विभाग को कोई निर्देश नहीं मिला है। परब ने कहा कि प्रवासी मजदूरों को उनके गांव में भेजने के लिए राज्य सरकार की ओर से हमारे विभाग को अभी तक कोई निर्देश नहीं मिला है।लेकिन हमारी पूरी तैयारी है। सरकार की तरफ से निर्देश मिलते ही एसटी की बसों के माध्यम से प्रवासी मजदूरों को रवाना किया जाएगा। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने हाल ही में कहा था कि वह प्रवासियों को उनके गांव भेजने के लिए रास्ता निकाल रहे हैं। जैसे ही कोई रास्ता निकलेगा प्रवासी मजदूरों को उनके गांव रवाना कर दिया जाएगा। इसके बाद महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने राज्यपाल से मिलकर यह मांग की थी जबकि मुंबई भाजपा के महामंत्री अमरजीत मिश्र एवं यूपी डेवलपमेंट फोरम ने भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की थी कि महाराष्ट्र के प्रवासियों को उके घर भेजने की व्यवस्था की जाए।
बगैर ट्रेन चले मुश्किल होगी घर वापसी
मुंबई और महाराष्ट्र में उत्तरभारत के प्रवासियों की संख्या लाखों में है। मध्य और पश्चिम रेलवे पर किताब लिख चुके वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्र कहते हैं कि हर साल अप्रैल और मई महीने में करीब 30 लाख प्रवासी उत्तर प्रदेश-बिहार रवाना होते हैं। कोरोना संक्रमण में लॉकडाउन में ट्रेनें रद्द होने के चलते लाखो टिकट वापस हो चुके हैं। ऐसे में गांव जाने की अनुमति मिलने पर महाराष्ट्र से 15 से 18 लाख लोग उत्तर प्रदेश रवाना हो सकते हैं। इतनी बड़ी संख्यो में लोगों को बस से इतनी लंबी यात्रा पर भेजना मुश्किल होगा।
Created On :   29 April 2020 8:32 PM IST