- Home
- /
- आतंक फैलाने वाले बदमाश की दिनदहाड़े...
आतंक फैलाने वाले बदमाश की दिनदहाड़े हत्या, अन्य घटनाओं में 3 मृत

डिजिटल डेस्क, नागपुर । सावनेर व खदान परिसर में दहशत फैलाने वाला कुख्यात बदमाश रोशन कमाले (26), सावनेर पहलेपार निवासी की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। आरोपी उमाशंकर ठाकुर (27), मालेगांव, तहसील सावनेर निवासी है। यह वारदात सोमवार को सुबह 11 बजे डब्ल्यूसीएल फिल्टर प्लांट के पीछे हुई। जानकरी के अनुसार रोशन अपने दोस्तों के साथ प्लांट के पीछे मोबाइल पर गेम खेल रहा थे। इस दौरान पीछे से आकर आरोपी ने दुप्पटे से रोशन का गला घोंट दिया और पानी के सीमेंट पाइप पर उसे पटका, जिससे रोशन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई अमोल कमाले की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मामला वापस लेने का दबाव बना रहा था
आरोपी उमाशंकर के भाई के साथ रोशन कमाले द्वारा 2019 में मारपीट करने पर उसके खिलाफ सावनेर पुलिस ने हत्या के प्रयास का का मामला दर्ज किया है। यह मामला वापस लेने के लिए रोशन, उमाशंकर पर दबाव डाल रहा था। आरोपी के खिलाफ सावनेर पुलिस थाने में करीब 7 मामले दर्ज हैं। मामले की जांच पीआई मारोती मुलुक के मार्गदर्शन में पीएसआई सागर कारंडे कर रहे हैं।
हत्या का आरोपी 12 तक पुलिस रिमांड पर
गैराज में साथ काम करने वाले साथी की हथौड़ी से हत्या करने वाले वर्धा निवासी आरोपी देवांश चंद्रभान वाघाड़े (26) को सोमवार को न्यायालय ने 12 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। देवांश ने शनिवार की रात गहरी नींद में साथी 45 वर्षीय राजू नागेश्वर, बालाघाट निवासी की हथौड़ी से हत्या कर दी थी। देवांश और राजू गैराज में एक ही कमरे में रहते थे। देवांश ने पुलिस को बताया कि, राजू उसके शरीर को आपत्तिजनक तरीके से स्पर्श कर उसे काफी दिन से परेशान कर रहा था। घटना की रात भी राजू ने उसके साथ हरकत की थी। गिट्टीखदान पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुएं में मिला कबाड़ विक्रेता का शव
कबाड़ विक्रेता का कुएं में शव पाया गया। कानूनी प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। घटना काे लेकर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। अजनी थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया। मृतक कुंजीलालपेठ निवासी विजय श्यामराव मोहोड़ है। गत सप्ताह भर से वह काम पर नहीं जा रहा था। दो-तीन दिन से उसकी तबीयत भी ठीक नहीं थी। रविवार की शाम को कुकड़े ले-आउट मैदान में स्थित कुएं में उसका शव पाया गया। उसकी पत्नी गृहिणी है। उसे दो बेटियां हैं। घटना का कारण अज्ञात है।
निजी ट्रैवल्स में सफर के दौरान यात्री की मौत
सफर के दौरान निजी ट्रैवल्स बस में एक यात्री मृत पाया गया। कारण अज्ञात है। लेकिन उसे दिल का दौरा पड़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है। सोमवार को वाड़ी थाने में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया गया। मृतक गोंदिया निवासी महेंद्र सिंहनंद लिल्हारे (34) है। वह पुणे से नागपुर आ रहा था। नागपुर से गोंदिया जाने वाला था। वह पुणे से निजी ट्रैवल्स बस (एन.एल.-01-बी.-1949) में सवार हुआ था। रात में बस वाड़ी में नाका नंबर 10 पर पहुंची। सभी यात्री बस से नीचे उतरे, लेकिन महेंद्र अपनी सीट पर ही था। आवाज देने पर उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसकी मृत्यु होने की पुष्टि की।
सड़क हादसे में घायल व्यक्ति ने दम तोड़ा
सड़क हादसे में जख्मी व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपी चालक के खिलाफ प्रताप नगर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। लेकिन अभी तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है। राहुल चौक, सोमलवाड़ा निवासी राजेश मोहोड़ (46) 4 अगस्त को दोपहर में पत्नी प्रतिभा के साथ मोटरसाइकिल (एम.एच.-27-ए.जेड.-1040) पर कहीं जा रहा था। छत्रपति चौक में अज्ञात चारपहिया वाहन चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में राजेश गंभीर रूप से घायल हुआ था। राजेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच जारी है।
Created On :   10 Aug 2021 12:55 PM IST