- Home
- /
- झूठी शिकायत दर्ज करवाने की धमकी...
झूठी शिकायत दर्ज करवाने की धमकी देकर मांगी रकम

डिजिटल डेस्क, अमरावती । वीएमवी रोड चक्रपानी नगर निवासी एक 60 वर्षीय व्यक्ति को पेट्रोल के लिए पहले 100 रुपए और बाद में 300 रुपए उधार मांगकर वह लौटाने के बहाने घर बुलाकर तीन महिलाओं ने उसके साथ मारपीट की और बाथरूम में कैद कर इज्जत लूटने के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 60 हजार रुपए की मांग की। आखिर तीन महिलाओं की साजिश का शिकार बने इस व्यक्ति ने गाडगे नगर थाने में शिकायत दर्ज की। जिस पर पुलिस ने 26 अगस्त की देर रात तीन महिलाओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार चक्रपानी कॉलोनी निवासी नंदकिशोर जगन्नाथराव भडांगे (60) यह नांदगांवपेठ के निकट बिझीलैंड में काम करते हैं। 17 अगस्त को दोपहर 2 बजे के दौरान वे अपनी दोपहिया पर बिझीलैंड जा रहे थे। उस समय एक अज्ञात महिला ने उन्हें हाथ दिखाया और कहा कि, उसकी गाड़ी का पेट्रोल खत्म हो गया है और उसे वे पेट्रोल पंप पर ले जाकर पेट्रोल दिलवाएं। नंदकिशोर ने महिला को पेट्रोल भरने के लिए 100 रुपए दिए। उस समय महिला ने कहा कि, उसके पति की मौत हो चुकी है और उसकी किराना दुकान है। उसे और 300 रुपए की जरूरत है। तब नंदकिशोर से महिला को और 300 रुपए दिए। उसने महिला को गाडगे नगर पुलिस थाने तक लाकर छोड़ा। तब उसने अपना नाम देशमुख बताकर नंदकिशोर को पैसे लौटाने के लिए उनका मोबाइल नंबर मांगा। 21 अगस्त को नंदकिशोर को फोन आया महिला ने कहा कि, उसे उधार लिए पैसे वापस करना है। यह कहकर महिला ने नंदकिशोर को वानखड़े की चक्की के पास की फ्लैट स्कीम पर दोपहर 2 बजे बुलाया। नंदकिशोर वहां पहुंचा।
महिला उसे फ्लैट में ले गई। महिला ने फ्लैट के हॉल का दरवाजा बंद किया और कहा कि, उसकी बहन बाहर से 10 मिनट में आ रही है। यह कहकर उसे बिठा रखा। दोपहर 4 बजे देशमुख नामक महिला ने दरवाजा खोला दो महिलाएं भीतर आई। उन्होंने दरवाजा भीतर से बंद किया। तीनों ने मिलकर नंदकिशोर की पिटाई की और उसे बाथरूम में कैद कर 60 हजार रुपए की मांग की और कहा कि, रकम न देने पर वे उसके खिलाफ छेड़खानी और बलात्कार का झूठा अपराध दर्ज करेंगे। काफी देर तक बाथरूम में कैद रखने के बाद नंदकिशोर ने छुटकारा पाने के उद्देश्य से पैसे देने की बात कबूल की। तीनों महिलाओं ने उसे पैसे देने के लिए तीन िदन का समय दिया। 25 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक पैसे न देने पर तीनों महिलाएं नंदकिशोर के घर गई और उसकी पत्नी से मारपीट करने लगी। महिला ने जब शोर मचाया तब घर के सामने रहनेवाला मयूर निमकर दौड़कर आया। तब तीनों महिलाएं वहां से भाग निकली। शिकायत पर गाडगे नगर पुलिस ने तीनों महिलाओं के खिलाफ धारा 452,342, 385, 389, 504, 506 (2), 34 के तहत अपराध दर्ज किया है।
Created On :   29 Aug 2022 2:46 PM IST