- Home
- /
- दोपहिया को बचाने के चक्कर में सड़क...
दोपहिया को बचाने के चक्कर में सड़क से उतरी बस,बाल-बाल बचे यात्री

डिजिटल डेस्क, मोर्शी (अमरावती)। दोपहिया सवार को बचाने के प्रयास में लक्जरी बस सड़क किनारे कीचड़ में फंस जाने से पलटी होते बच गई। इस कारण बड़ा अनर्थ टल गया। ट्रैवल्स में सवार यात्री सकुशल लौटे लेकिन जख्मी दोपहिया सवार को मोर्शी के उपजिला अस्पताल में गंभीर अवस्था में भर्ती करने के बाद अमरावती रेफर किया गया है। यह घटना पिंपरी-गणेशपुर मार्ग पर शाम के समय घटित हुई।
जानकारी के मुताबिक मध्यप्रदेश की राजा ट्रैवल्स क्रमांक एमपी48/पी 0197 यह यात्रियों को लेकर पांढुर्णा,वरुड़, मोर्शी मार्ग से अंबाडा पिंपरी गणेशपुर मार्ग की तरफ जा रही थी। तब सायवाड़ा ग्राम निवासी आकाश गरीबदास परतेती (30) नामक युवक अपनी दोपहिया क्रमांक एमएच 27/बीई 3487 पर सवार होकर गणेशपुर से पिंपरी की तरफ जा रहा था। दोपहिया चालक अपना वाहन तेज रफ्तार से चलाता रहने की बात ट्रैवल्स चालक के ध्यान में आते ही उसने इस दोपहिया बचाने का प्रयास किया।
इस प्रयास में ट्रैवल्स को सड़क के नीचे उतारा गया लेकिन गाड़ी कीचड़ में फंस गई। भाग्यवश वह पलटी होते बच गई। जिससे बड़ा अनर्थ टल गया। ट्रैवल्स में सवार सभी यात्री भयभीत होकर तत्काल गाड़ी से नीचे उतर गए। घटना की जानकारी मोर्शी पुलिस को मिलते ही उपनिरीक्षक स्वप्नील ठाकरे अपने दल के साथ तत्काल घटनास्थल आ पहंुचे। जहां ट्रैवल्स बस का धक्का लगने से दोपहिया वाहन चालक आकाश परतेती घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा था। उसे तत्काल मोर्शी के उपजिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अमरावती जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
Created On :   26 July 2022 2:25 PM IST