- Home
- /
- नागपुर से निकली बस भंडारा के पास...
नागपुर से निकली बस भंडारा के पास कंटेनर से टकराकर गड्ढे में घुसी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भंडारा के साकोली बस डिपो की बस नागपुर से भंडारा जाते समय रावली फाटा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस चालक व महिला कंडक्टर सहित 12 से अधिक लोग जख्मी हो गए। घटना एक मनोरोगी के पत्थर मारने से हुई। मनोरोगी ने बस के सामने चल रहे कंटेनर पर पत्थर मारा। कंटेनर चालक ने जैसे ही गति धीमी की, पीछे तेज गति से आ रही एसटी बस कंटेनर से टकराई और सड़क किनारे गड्ढे में जा फंसी। हादसे में बस के सामने का हिस्सा चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद मौदा के थानेदार हेमंत खराबे सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को माथनी टोल प्लाजा के वाहन से भंडारा के अस्पताल भिजवाया। हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल हुए। इनमें गंभीर जख्मी 7 यात्रियों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है। शेष मामूली रूप से घायल यात्रियों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
मनोरोगी हो गया गायब
पुलिस का कहना है कि, मनोरोगी कंटेनर पर पत्थर मारने के बाद कहां गया, उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। हादसे के बाद जमा भीड़ में भी किसी ने उस पर ध्यान देने की कोशिश नहीं की। ऐसी संभवत: यह पहली घटना है, जब किसी मनोरोगी के कारण हुई है।
तेज रफ्तार थी बस
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को नागपुर गणेशपेठ स्थित एसटी बस डिपो से साकोली बस डिपो की बस (एम.एच.-40-एन.-9567) से चालक रवींद्र विक्रम जांगड़े (55) साकोली, महिला कंडक्टर माधुरी प्रशांत कठाणे (30), मुरमाड़ी, लाखनी निवासी सहित करीब 25 से 30 यात्री भंडारा जा रहे थे। दोपहर करीब 3.30 बजे एसटी बस रावली फाटा के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई। बताया जाता है कि, बस के सामने एक कंटेनर चल रहा था। इस दौरान रावली फाटा के पास सड़क किनारे खड़े एक मनोरोगी ने कंटेनर पर पत्थर मारा। कंटेनर चालक ने जैसे ही वाहन की गति धीमी की। पीछे से तेज रफ्तार आ रही एसटी बस चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बस कंटेनर से जा भिड़ी। मौदा पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
घायल हुए यात्री
बस चालक रवींद्र जांगड़े और कंडक्टर माधुरी कठाणे का पैर टूट गया। यात्री चरण धनश्याम मेश्राम (24), तहसील देवरी, राजकुमार प्रेमलाल जांभुलकर (27), विहीर गांव, शरद देवीदास लिल्लारे (67), मौदा, अमोल कठाण (26), वड़ोदा, तहसील कामठी और शिवशंकर किसन काठोरे (38), पिपरी पुनर्वसन, भंडारा निवासी घायल हुए हैं। हादसे के बाद बस को क्रेन की मदद से गड्ढे से बाहर निकाला गया। घटना के बाद कंटेनर चालक चला गया।
Created On :   15 July 2021 1:23 PM IST