- Home
- /
- पत्नी के सामने ही पति को कुचलकर...
पत्नी के सामने ही पति को कुचलकर चली गई कार

डिजिटल डेस्क, अमरावती। जिले के वरुड थाना क्षेत्र के तहत पांढुर्णा मार्ग पर खाना खाने के बाद पति के साथ टहलने गई महिला की आंखों के सामने ही तेज रफ्तार कार उसके पति को कुचलकर चली गई। दुर्घटना में महिला भी गंभीर रूप से जख्मी हुई है। उसे इलाज के लिए नागपुर के अस्पताल में रेफर किया गया है। मृतक का नाम वरुड निवासी होटल व्यवसायी युवराज चक्रपानी है। उनका वरुड शहर के बस डिपो परिसर में याराना होटल है। बताया जाता है कि दुर्घटनाग्रस्त फोरविलर में सवार सभी लोग मोवाड़ गांव के निवासी है और दुर्घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित बीयर बार से वे शराब पीकर बाहर निकले और नशे में चूर वाहन चालक के हाथों यह दुर्घटना हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवराज चक्रपानी का वरुड शहर के बस डिपो परिसर में याराना होटल है। रविवार की रात 11 बजे घर में भोजन के पश्चात युवराज अपनी पत्नी रेखा के साथ टहलने के लिए पांढुर्णा हाइवे पर आए थे। टहलने के बाद दोनो पति-पत्नी न्यू इंग्लिश स्कूल के सामने रोड डिवाइडर पर बैठे थे। उसी समय तेज रफ्तार कार क्र. एमएच 31- ईयू 9502 ने रोड डिवाइडर पर बैठे युवराज को कुचल दिया। जिसमें उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई । पत्नी रेखा गंभीर रूप से जख्मी हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन का सामने का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया है। दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से घायल रेखा को इलाज के लिए अस्पताल में ले गए, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने से उसे नागपुर रेफर किया गया है। इस मामले में वरुड पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है।
Created On :   11 Oct 2022 3:56 PM IST












