- Home
- /
- गुड़गांव से विजयवाड़ा माल लेकर जा रहा...
गुड़गांव से विजयवाड़ा माल लेकर जा रहा था कंटेनर, 77 बक्से हुए चोरी, जानिए नागपुर की अन्य वारदातें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कंटेनर से अमेजॉन कंपनी के माल से भरे एक लाख रुपए कीमत के बक्सों पर किसी ने हाथ साफ कर दिया। हालांकि, घटना को लेकर आशंका भी व्यक्त की जा रही है। बेलतरोड़ी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया।
ढाबे पर चाय पीने रुका था चालक
कंटेनर चालक सुमितसिंह ईश्वरसिंह (31), हरियाणा के गुड़गांव का निवासी है। वह कंटेनर (एच.आर.-46-एफ.-5576) में अमेजॉन कंपनी का माल लेकर गुड़गांव से आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा के लिए निकला था। 2 जुलाई को तड़के कंटेनर नागपुर पहुंचा। आउटर रिंग रेाड पर स्थित पांजरा टोल नाके से करीब 25 किमी पहले सुमितसिंह ने एक ढाबे पर चाय पीने के लिए कंटेनर रोका था। पश्चात गंतव्य के लिए रवाना हुआ था। इस बीच पांजरा टोल नाके पर पीछे चल रहे ट्रक के चालक ने सुमितसिंह को बताया कि, उसके कंटेनर का पिछला गेट खुला हुआ है।
पड़ताल करने पर कंटेनर से 77 बक्से गायब थे। इन बक्सों में ग्राहकों की बुक की हुई विविध प्रकार के वस्तुएं थीं। जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 2 हजार 703 रुपए बताई जा रही है। घटना को लेकर सुमितसिंह ने आशंका जताई है कि, जब वह ढाबे पर चाय पीने के लिए रुका, तभी मौका पाकर किसी ने घटना को अंजाम दिया। जांच-पड़ताल के बाद रविवार को प्रकरण दर्ज किया गया। अभी तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है। आरोपी की तलाश में मार्ग के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मध्यस्थता करने पर पीठ में घोंपा चाकू
विवाद में मध्यस्थता करने पर आरोपियों ने एक व्यक्ति की पीठ में चाकू घोंप दिया। प्रताप नगर थाने में सोमवार को आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। गोरले ले-आउट निवासी नितीन सत्यप्रकाश ठाकुर (28) और दीपक तिवारी (25) मित्र है। रविवार को रात 10.30 बजे दोनों एक ठेले पर चाय पी रहे थे, तभी दीपक के परिचित रितेश सोनारे (40) और पंकज बनिया (30), दोनों कामगार कालोनी निवासी वहां आ धमके। किसी बात पर दीपक का रितेश और पंकज से विवाद होने के बाद हाथापाई हो गई। इस दौरान नितीन ने मध्यस्थता की। पश्चात रितेश और पंकज वहां से चले गए, लेकिन सोमवार को सुबह रितेश-पंकज अन्य साथियों के साथ नितीन के घर पहुंचे और नितीन पर जानलेवा हमला कर उसकी पीठ में चाकू घोंप दिया। नितीन गंभीर घायल है। आरोपी फरार हैं।
श्वान को डंडे से पीटने वाले पर एफआईआर दर्ज, गिरफ्तार
एक तीन माह के श्वान को डंडे से पीटने वाले व्यक्ति पर पशुप्रेमियों की शिकायत पर हुड़केश्वर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पशुप्रेमी स्वप्निल बोधाने ने बताया कि, घोघली के यश नगर में आरोपी लखन रजक ने कुछ दिन पहले एक तीन माह के श्वान को डंडे से पीटकर फेंक दिया था। जिसके बाद एक पशुप्रेमी ने श्वान का इलाज कराया। एक्स-रे में श्वान की सामने व पीछे के पैर की हड्डी टूटने की बात सामने आई थी। इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर डाला गया था। उन्हें इस बात की मिलने पर उन्होंने हुड़केश्वर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
Created On :   6 July 2021 2:07 PM IST