अवैध संबंधों की परिणति : शादी के एक माह बाद ही पत्नी को मार डाला

The culmination of illicit relations: wife killed only after one month of marriage
अवैध संबंधों की परिणति : शादी के एक माह बाद ही पत्नी को मार डाला
अवैध संबंधों की परिणति : शादी के एक माह बाद ही पत्नी को मार डाला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अवैध संबंधों के चलते शादी के एक महीने बाद ही पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या की यह वारदात बीती रात एमआईडीसी थानांतर्गत हुई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, उसने चंद्रपुर थाने में समर्पण कर दिया। मृतका दीप्ति नागमोती (26) भीम नगर निवासी थी, जबकि आरोपी पति अरविंद अशोक नागमोती (30) है। अरविंद किसी कंपनी में काम करता है। एक महीने पहले ही 5 जनवरी 2021 को गड़चिरोली जिले की कुरखेड़ा निवासी दीप्ति से उसकी शादी हुई थी।

मोबाइल में देखे वीडियो
शादी को अभी एक महीना ही हुआ था कि शनिवार को जब अरविंद किसी काम में व्यस्त था, तभी दीप्ति के हाथ उसका मोबाइल लग गया। अरविंद मोबाइल को हाथ नहीं लगाने देता था। जिससे दीप्ति को शक हो गया था। जब मोबाइल हाथ लगा तो उसने पड़ताल की। उसमें कुछ आॅडियो और वीडियो रिकार्डिंग थीं, उसमें एक युवती के साथ अरविंद के फोटो भी थे। इस बीच दीप्ति ने मोबाइल की कुछ रिकार्डिंग सुनीं, जिसमें अरविंद और युवती की प्रेम प्रसंग की बातें थीं। उसमें यह भी उल्लेख किया था कि वह वैलेंटाइन-डे के दिन कहीं बाहर घूमने-फिरने जाएंगे। इस बात को लेकर अरविंद और दीप्ति में विवाद हो गया। अरविंद ने उसकी पिटाई कर दी। यह बात 13 फरवरी की है। दूसरे दिन 14 फरवरी की सुबह फिर से इसी बात को लेकर उनमें विवाद हो गया। उस वक्त दीप्ति ने अपने भाई शुभम वामनराव ठाकरे को फोन किया। तबीयत खराब होने का हवाला देकर दीप्ति ने भाई को लेने के लिए बुलाया। उस वक्त दीप्ति ने भाई को अरविंद के किसी और से अवैध संबंध होने की बात बताई थी। 

जब दीप्ति ने भाई को फोन किया था, तब अरविंद के साथ उसका विवाद जारी था। शुभम ने बहन के रोने, चीखने-चिल्लाने और अरविंद के गाली-गलौज करने की आवाजें सुनीं। इसके बाद भी शुभम ने कई बार दीप्ति को फोन किया, अरविंद को भी फोन किया, लेकिन दोनों ने फोन नहीं उठाया। अनहोनी की आशंका से रात में ही किराए के वाहन से शुभम कुछ रिश्तेदारों के साथ नागपुर पहुंच गया। रात करीब डेढ़ बजे वह दीप्ति के घर पहुंचा। बाहर से दरवाजा बंद था। भीतर कमरे में दीप्ति का शव पड़ा था। उसके नाक, कान और मुंह से खून निकल रहा था, इसके बाद मामला थाने पहुंचा शुभम बात करने की स्थिति में नहीं था। वह सिर्फ इतना ही कह पाया कि सपने में भी नहीं सोचा था कि उसकी बहन के साथ ऐसा होगा। अभी दीप्ति की मेहंदी का रंग भी नहीं सूखा था कि उसकी हत्या हो गई।


 

Created On :   16 Feb 2021 12:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story