- Home
- /
- नागपुर में कोरोना से मौत का आंकड़ा...
नागपुर में कोरोना से मौत का आंकड़ा एक ही दिन में 1076 व नए मरीजों की संख्या 15,306

डिजिटल डेस्क, नागपुर। आपको जानकर आश्चर्य हो सकता है कि नागपुर जिले में कोरोना से मरनेवालों की संख्या एक ही दिन में 1076 बढ़ गई है। नए मरीजों की संख्या भी 15,306 से बढ़ चुकी है। गुरुवार को कोरोना से मरनेवालों की संख्या 9039 थी। शुक्रवार को अचानक यह संख्या बढ़कर 10,115 हो गई है। आईसीएमआर और कोविड-19 पोर्टल पर उपलब्ध डाटा पड़ताल के बाद प्रशासन ने पुराने आंकड़ों में सुधार किया है। इस कारण अचानक कोरोना पीड़ितों और मृतकों की संख्या बढ़ गई है। इस कारण आंकड़ों को लेकर चर्चा आम हो रही है।
मृत एक, बढ़े 1076 : जिला प्रशासन द्वारा हर रोज संक्रमितों व मृतकों की संख्या जारी की जाती है। इसके अनुसार शुक्रवार को केवल एक मौत दर्ज हुई है। गुरुवार को कुल मृतक संख्या 9039 थी। शुक्रवार को यह संख्या 9040 होनी चाहिए थी। लेकिन यह संख्या 10,115 हो गई है। इसी तरह गुरुवार को कुल संक्रमितों की संख्या 4,77,413 थी। शुक्रवार को 10 नए संक्रमित मिले। इसे मिलाकर कुल संख्या 4,77,423 होनी चाहिए थी। यह संख्या 15,306 से बढ़कर 4,92,728 हो गई है।
शक हो रहा था…प्रशासन पर यह आरोप लगता रहा कि कहीं न कहीं मृतकों के आंकड़े छिपाए जा रहे हैं। शुक्रवार को सामने आए आंकड़ों से लोगों के संदेह को बल मिला है। अचानक बढ़े आंकड़ों से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर संदेह व्यक्त किया जा रहा है।
अचानक 202 एक्टिव मरीज बढ़े : गुरुवार को एक्टिव मरीजों की संख्या 111 थी, लेकिन शुक्रवार को यह संख्या 313 हो गई। एक ही दिन में 202 एक्टिव मरीज बढ़े हैं। स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या 468263 थी। इसके अनुसार रिकवरी दर 98.08 फीसदी था। लेकिन अब इस संख्या में 14037 की बढ़ोतरी हुई है। इसलिए रिकवरी दर घटकर 97.88 पर आ गई।
Created On :   17 July 2021 2:19 PM IST