- Home
- /
- जिला परिषद अध्यक्ष पद का पहला...
जिला परिषद अध्यक्ष पद का पहला कार्यकाल 18 जुलाई को होगा समाप्त

डिजिटल डेस्क,नागपुर। जिला परिषद पदाधिकारियों के पहले ढाई साल का कार्यकाल 18 जुलाई को समाप्त हो रहा है। उससे पहले नए पदाधिकारियों का चुनाव होना अपेक्षित है। राज्य स्तर पर ड्रा निकालकर अध्यक्ष पद का आरक्षण तय होगा। कार्यकाल समाप्त होने में 21 दिन बचे हैं। इस बार अध्यक्ष पद अनारक्षित रहने की उम्मीद लिए कई चेहरे होड़ में हैं। सत्तापक्ष नेता अवंतिका लेकुरवाले, वरिष्ठ सदस्य नाना कंभाले, शांता कुमरे, कुंदा राऊत, दुधाराम सव्वालाखे, अरुण हटवार, कृषि समिति सभापति तापेश्वर वैद्य के नाम चर्चा में है। वर्तमान अध्यक्ष रश्मि बर्वे भी फिर से अध्यक्ष पद अपने पाले में करने के लिए इच्छुक बताई जाती है। अध्यक्ष के अलावा उपाध्यक्ष तथा 4 सभापति के चुनाव होने हैं। जिला परिषद में पशु संवर्धन व दुग्ध विकास मंत्री सुनील केदार गुट का वर्चस्व है। केदार की पसंद के सदस्य के गले में अध्यक्ष पद की माला पड़ना तय माना जाता है।
इच्छुकों में बेचैनी
अध्यक्ष पद का आरक्षण अभी तय नहीं है। पहले ढाई साल के लिए अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया गया। इससे पहले ओबीसी महिला के लिए आरक्षित था। पर्याप्त जनसंख्या के अभाव में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित होने की संभावना कम आंकी जा रही है। ऐसी स्थिति में इस बार अध्यक्ष पद अनारक्षित रहने के कयास लगाए जा रहे हैं। इस मौके को भुनाने के लिए आरक्षण के इंतजार में इच्छुक बेचैन है।
विधानसभा क्षेत्रवार संतुलन पर नेताओं की नजर
आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव को देखते हुए नेताओं की नजर क्षेत्रवार संतुलन करने पर है। फिलहाल रामटेक, सावनेर, हिंगना, कामठी, उमरेड निर्वाचन क्षेत्र के पदाधिकारी हैं। काटोल िनर्वाचन क्षेत्र का एक भी पदाधिकारी नहीं है। आने वाले चुनाव में इस क्षेत्र को प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना जताई जा रही है। हिंगना निर्वाचन क्षेत्र से भारती पाटील िवत्त व शिक्षण समिति और उज्ज्वला बोढारे महिला व बाल कल्याण समिति सभापति हैं। उनका पत्ता कट होकर कुंदा राऊत की दावेदारी पक्की मानी जा रही है। पशु संवर्धन मंत्री सुनील केदार के सावनेर निर्वाचन क्षेत्र से उलटफेर की संभावना कम है। वर्तमान उपाध्यक्ष सुमित्रा कुंभारे को फिर से अवसर की प्रबल संभावना जताई जा रही है। कामठी िनर्वाचन क्षेत्र से 4 सदस्य होड़ में हैं। उनमें से किसी एक की लॉटरी लग सकती है। उमरेड निर्वाचन क्षेत्र से अरुण हटवार, मिलिंद सुटे, शंकर डडमल के नाम चर्चा में हैं। हटवार ने उपाध्यक्ष पद पर दावा किया है। नाना कंभाले अध्यक्ष पद के दावेदार है। उपाध्यक्ष पद पर केदार के करीबी मनोहर कुंभारे की पत्नी सुमित्रा कुंभारे विराजमान है। उन्हें प्रमोशन मिलता है, तब जाकर हटवार के प्रस्ताव पर विचार हो सकता है। कंभाले अध्यक्ष पद पर दावा कर रहे हैं, लेकिन केदार विरोधी गुट के होने के कारण उनकी राह आसान नहीं है।
Created On :   27 Jun 2022 12:03 PM IST