- Home
- /
- अपनी शादी के लिए मुंबई से आई युवती...
अपनी शादी के लिए मुंबई से आई युवती परिवार सहित संक्रमित, डेल्टा प्लस वैरिएंट का संदेह

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिले में दूसरी लहर का प्रकोप कम हुआ है। दूसरी लहर में डबल म्यूटेंट वायरस के संक्रमण तेजी से बढ़ा था। अब डेल्टा और डेल्टा प्लस वायरस आ चुका है। देश के कई राज्यों में इससे संक्रमित मरीज मिले हैं। नागपुर जिले में भी डेल्टा प्लस वैरिंएट संक्रमण के संदेह में एक परिवार मिला है। परिवार में युवती अपनी शादी के लिए मुंबई से आई थी। जिसके बाद उसके परिवार और संपर्क में आने वाले 8 लोग भी संक्रमित हो गए। वायरस की जीनाेम सिक्वेंसिंग के लिए सैंपल राष्ट्रीय पर्यावरण इंजीनियरिंग अनुसंधान संस्थान (नीरी) में भेजे गए हैं।
उमरेड तहसील से भेजे सैंपल
कुछ दिन पहले नागपुर जिले के उमरेड तहसील की एक युवती मुंबई से लौटी थी। वह मुंबई में काम कर रही थी और अपनी शादी के लिए घर आई थी। जिसके बाद रैपिड एंटीजन टेस्ट में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके साथ ही परिवार और संपर्क में आने वाले 8 लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। उसके लौटने के बाद उसके सहित पूरा परिवार संक्रमित हो गया। इससे जिला परिषद में हड़कंप मच गया है। इतनी जल्दी इतने लोगों को संक्रमित होते हुए देख डेल्टा प्लस वैरिएंट की आशंका जताई जा रही है। संदेह के आधार पर प्रशासन ने तुरंत परिवार के 8 सदस्यों के सैंपल लेकर नीरी के लैब में भेजे हैं। यह नीरी में 24 जून को भेजे गए थे। जहां इनकी सिक्वेंसिंग की गई। पूरी प्रक्रिया की गई। इसके बाद इसे मशीन में जांच के लिए सेंटर फॉर सेल्यूलर एंड मॉलिक्यूलर बायोलॉजी हैदराबाद में कुरियर किया गया है। इसकी रिपोर्ट अगले दो से तीन दिन में आने की संभावना है।
दूसरी लहर में आया था डबल म्यूटेंट वायर
कोरोना वायरस में समय के साथ लगातार बदलाव हो रहे हैं। इसमें म्यूटेशन हो रहा है। जिसके कारण इसके प्रभाव भी कम ज्यादा होते हैं। दूसरी लहर में वायरस में डबल म्यूटेशन हुआ था। इसके कारण इसके संक्रमण करने की क्षमता बढ़ गई साथ ही इसका प्रभाव भी तेजी से होने लगा। अब फिर से म्यूटेट हुआ है। जिसे डेल्टा और डेल्टा प्लस वैरिएंट नाम दिया गया है।
Created On :   26 Jun 2021 8:16 PM IST