- Home
- /
- न्यायाधीशगण ने जिला जेल का किया...
न्यायाधीशगण ने जिला जेल का किया निरीक्षण

डिजिटल डेस्क, ब्यूरो पन्ना। जिला जेल पन्ना का न्यायाधीशगण द्वारा निरीक्षण किया गया। जेल का निरीक्षण करते हुए निरुद्ध बंदियों को प्रदत स्वास्थ्य सेवाएं, सफाई, भोजन की व्यवस्था व उसकी गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त कर जिला जेल अधीक्षक द्वारा कराए जा रहे सकारात्मक प्रयासों की प्रशंसा की गई।
इस दौरान संविधान के विषय में विशेष साक्षरता शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में जिला न्यायाधीश कमलेश कुमार सोनी द्वारा बंदियों के अधिकारों के विषय में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही नि:शुल्क विधिक सहायता व पैरवी के लिए वकील की व्यवस्था के बारे में बताया गया।
बंदियों को आपराधिक मनोवृत्ति त्यागने की सलाह दी गई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेंद्र कुमार शाक्य द्वारा जेल में निरुद्ध बंदियों को संविधान की महत्ता के विषय में अवगत कराते हुए प्ली बारगेनिंग आपसी राजीनामा द्वारा अपने केस को निराकृत करवाकर कारावास की सजा व प्रकरण समाप्त करवाने संबंधी विधिक सलाह दी गई।
जिला विधिक सहायता अधिकारी देवेंद्र सिंह परस्ते द्वारा संविधान दिवस की महत्ता के साथ-साथ संविधान की प्रस्तावना में निर्दिष्ट सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय के विषय में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नि:शुल्क विधिक सहायता के संबंध में भी अवगत कराया गया।
जिला जेल पन्ना प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया गया। जेल अधीक्षक आर.पी. मिश्रा द्वारा बंदियों को विधिक सलाह व जानकारियों का जीवन में सदुपयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित अतिथिगणों का आभार व्यक्त किया गया।
Created On :   29 Nov 2022 10:30 PM IST