- Home
- /
- प्रेमी युगल ने किशोरी को राजस्थान...
प्रेमी युगल ने किशोरी को राजस्थान ले जाकर 30 हजार में बेचा
डिजिटल डेस्क, नागपुर। काम दिलाने का झांसा देकर प्रेमी युगल ने किशोरी को राजस्थान में ले जाकर उसे बेच दिया और उसकी जबरन शादी करा दी। मामला उजागर होने पर कलमना थाने में आरोपी युगल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। किशोरी की तलाश में पुलिस दल राजस्थान जाने की तैयारी में है। पीड़ित 14 वर्षीय किशोरी है, जबकि आरोपी सोनाली प्रल्हाद साहू (26) और उसका प्रेमी स्वप्निल नरेंद्र नंदेश्वर (28), चिखली बस्ती निवासी है। किशोरी गरीब परिवार की है। उसे मां नहीं है। मजदूर पिता और दो बहनों के साथ रहती है। पहले किशोरी के पड़ोस में ही सोनाली और स्वप्निल रहते थे। इस कारण किशोरी और उसके परिजन उनसे परिचित हैं। किशोरी ने स्कूल छोड़ दिया है। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने से उसने सोनाली और स्वप्निल को कोई काम बताने के लिए कहा था, ताकि घर चलाने में पिता और बड़ी बहनों का हाथ बंटा सके। इसका फायदा उठाकर सोनाली और स्वप्निल ने राजस्थान में काम के ज्यादा रुपए दिलाने का झांसा देकर 26 नवंबर को देर रात किशोरी को बहला-फुसला कर राजस्थान ले गए और वहां किशोरी को किसी व्यक्ति को 30 हजार रुपए में बेच दिया और वहीं उसकी जबरन शादी भी करा दी है।
बहन को फोन कर बताई आपबीती
किशोरी अचानक गायब होने से परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोनाली और स्वप्निल से भी पूछताछ की, पर वे किशोरी के बारे में कोई भी जानकारी होने से इनकार करते रहे। इस बीच किशोरी अपनी बहनों को फोन कर बताया कि, उसे स्वप्निल और सोनाली ने राजस्थान में बेच दिया है। उसकी शादी भी करा दी है। इसके बाद किशोरी के पिता और बहनें थाना पहुंचे और सोनाली और स्वप्निल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया। पुलिस द्वारा उन्हें हिरासत में लिए जाने की जानकारी है। पुलिस किशोरी की तलाश में राजस्थान जाने की तैयारी में है। घटना को जिस तरह अंजाम दिया गया उससे संदेह है कि, सोनाली और स्वप्निल ने इसी तरह और भी गरीब और मजबूर परिवार की लड़कियों को बेचा होगा। दोनों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
Created On :   4 Dec 2018 7:49 AM GMT