- Home
- /
- मौसम बदलने के साथ बढ़ा तापमान,...
मौसम बदलने के साथ बढ़ा तापमान, उत्तरी हवा का प्रभाव हुआ कम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पिछले सप्ताह कड़ाके की सर्दी के बीच पूरा सप्ताह गुजरा लेकिन उत्तरी हवा का प्रभाव कम होने से शहर का तापमान फिर बढ़ने लगा है सोमवार की अपेक्षा मंगलवार को न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम है। बुधवार की सुबह धूप निकलने से पारा भी बढ़ा है।
लगातार बढ़ रहा तापमान
माैसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से आनेवाली हवा का प्रभाव कम होने से शहर के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को आसमान साफ रहने के साथ ही दिन में अच्छी धूप खिल सकती है। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में थोड़ी वृद्धि हाे सकती है। इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी थोड़ी वृद्धि संभव है। पिछले चार दिन से उपराजधानी में पारा ऊपर जा रहा है। मंगलवार को विदर्भ में सबसे कम तापमान गोंदिया का रहा। विदर्भ में सबसे ज्यादा ठंडा गोंदिया रहा, जहां अधिकतम तापमान 26.2 व न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। फिलहाल, नागपुर समेत पूरे विदर्भ में पारा ऊपर की ओर है।
इधर फ्लाइट्स देरी से पहुंच रही
उत्तर भारत में सर्दी का असर उड़ानों पर लगातार जारी है। मंगलवार को भी कई विमान अपने तय समय से डॉ.बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर पहुंचे। उनके वापस की उड़ान भी देरी से हुई। जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आने वाला जेट एयरवेज का विमान क्रमांक-654 अपने तय समय सुबह 7.45 से 45 मिनट देरी से, दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-494 अपने तय समय सुबह 8.30 बजे से 4.15 घंटा देरी से, दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-135 अपने तय समय दोपहर 12.10 बजे से 3.15 घंटा देरी से, पुणे से आने वाला इंडिगो का िवमान क्रमांक-134 अपने तय समय दोपहर 12.30 बजे से 4.20 घंटा देरी से, बंगलुरु से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-365 अपने तय समय दोपहर 1.35 से 3 घंटा देरी से, दिल्ली से आने वाला जेट एयरवेज का विमान क्रमांक-657 अपने तय समय दोपहर 4.20 बजे से 1.30 घंटा देरी से, मुंबई से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-403 अपने तय समय शाम 5.30 बजे से 4 घंटा देरी से और इंदौर से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-436 अपने तय समय शाम 5.55 बजे से 2.30 घंटा देरी से पहुंचा।
Created On :   26 Dec 2018 11:03 AM IST