- Home
- /
- मामूली बात पर हैवान बन बैठा भांजा,...
मामूली बात पर हैवान बन बैठा भांजा, ले ली मामा की जान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पांचपावली थानांतर्गत देर रात हत्या की वारदात हुई। भांजा, मामा के लिए काल साबित हुआ। मामूली विवाद में पीट-पीट कर उसने मामा को ही मौत के घाट उतार दिया है। प्रकरण दर्ज कर आरोपी भांजा को गिरफ्तार किया गया है।
बारसे नगर कुंभारपुरा निवासी मृतक अतुल सहारे (58) था। वह होटल में बर्तन साफ करने का काम करता है। अतुल के पड़ोस में ही उसकी बहन का लड़का विकास गुणवंत साखरे (32) रहता है। दोनों रिश्ते में मामा-भांजे लगते हैं। विकास का प्रतिदिन मामा अतुल के घर में आना-जाना लगा रहता था। विकास अविवाहित है और कचरा चुनने का काम करता है। हमेशा शराब के नशे में पड़ा रहता है। गुरुवार की रात भी साढ़े दस बजे के दौरान विकास अतुल के घर गया था। नशे में होने से विकास गाली-गलौज कर रहा था। जिससे अतुल को लगा कि विकास उसे ही गाली-गलौज कर रहा है। इस बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया।
पेट, गर्दन और चेहरे पर कई वार किए
तैश में आकर विकास ने लात घूंसों से अतुल की पिटाई कर दी। घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्य मकान में पीछे दूसरे कमरे में थे। जिससे किसी को शोर-शराब सुनाई नहीं दिया। इस बीच विकास ने पटक-पटक कर अतुल को मारा। जमीन पर गिराकर उसके पेट, गर्दन और चेहरे पर वार किए। इस बीच अतुल का पुत्र राजेश वहां पर आया तो विकास भाग गया। अधमरी हालत में पिता काे देखकर राजेश उसे मेयो अस्पताल ले गया। अस्पताल ले जाने के कुछ देर बाद ही अतुल की मौत हो गई। अतुल पूर्व में अपराधिक प्रवृत्ति का था। वर्ष 1998 में उसने भाई की ही हत्या की थी। इस बीच घटना की सूचना मिलते ही पांचपावली थाने के निरीक्षक किशोर नगराले सह दल बल मौके पर पहुंचे। प्रकरण दर्ज कर घटना के कुछ देर बाद ही विकास को िगरफ्तार कर लिया गया। जांच जारी है।
Created On :   28 Nov 2020 6:23 PM IST