- Home
- /
- मेयो से ऑक्सीजन मास्क निकालकर भागा...
मेयो से ऑक्सीजन मास्क निकालकर भागा मरीज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों के साथ मृतकों का भी आंकड़ा बढ़ रहा है। ऐसे में मेयो अस्पताल के कोविड वार्ड से एक मरीज आॅक्सीजन मास्क निकालकर भाग गया है। बुधवार से यह मरीज अपने बेड पर नजर नहीं आने से मेयो प्रशासन में खलबली मच गई है। मरीज के बेटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। 36 घंटे बाद भी मरीज नहीं मिल पाया है। इससे सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
संक्रमित है, 16 अप्रैल से भर्ती था : सूत्रों के अनुसार घटना बुधवार की है। 52 साल का सोमेश्वर नामदेव फुटाणे नामक मरीज कोरोना संक्रमित है। उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, इसलिए उसे 16 अप्रैल को भर्ती किया गया था। वह ऑक्सीजन पर था। सुबह 9 से 10 बजे के बीच सोमेश्वर अचानक अपने बेड से गायब हो गया।
वार्ड कर्मियों को भी नहीं मालूम
वह कहां गया, कैसे गया, इस बारे में वार्ड के कर्मचारियों को कोई जानकारी नहीं है। पुलिस और अस्पताल प्रशासन मरीज की तलाश में जुटा है। खबर लिखे जाने तक 36 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन मरीज की कोई जानकारी नहीं मिल पायी थी।
अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाली
सोमेश्वर ने अस्पताल से भागकर खुद के साथ दूसरों की जान भी जोखिम में डाल दी है। वह लोगों को संक्रमित करेगा, यह निश्चित है। बता दें कि, शहर के दो बड़े सरकारी अस्पताल मेडिकल और मेयाे में स्वस्थ होने वाले कम और नए भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या अधिक है। मरीजों को हरसंभव स्वास्थ सेवा दी जा रही है। काफी मुश्किलों के बाद मरीजों को बेड मिल पा रहा है।
यूं भाग जाना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा
मरीज का यूं भाग जाना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। सोमेश्वर क्यों भागा, यह सच उसके मिलने पर ही पता चलेगा। बताया जाता है कि, वह पहले भी दो बार भागने की कोशिश कर चुका है। यह तीसरी बार है, जब वह अस्पताल से भाग गया है। पुलिस में शिकायत की है बुधवार को मेयो अस्पताल से जाे मरीज भागा है, उसने पहले भी दो बार भागने की कोशिश की है। उसके भागने का क्या कारण था, इस बारे में जांच के बाद ही पता चल सकेगा। इस मामले की शिकायत पुलिस में की गई है। आगे की जांच पुलिस कर रही है।
- डॉ. अजय केवलिया, अधिष्ठाता, मेयो अस्पताल
Created On :   23 April 2021 1:54 PM IST