- Home
- /
- नागपुर में रहने वालों को वहां रह...
नागपुर में रहने वालों को वहां रह रहे परिजनों की चिंता

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अफगानिस्तान में जारी संकट देश-दुनिया में चिंता का विषय बना हुआ है। वहां की मौजूदा स्थिति से वे लोग खासकर ज्यादा चिंतित हैं, जिनके परिजन फंसे हुए हैं। फोन पर अगर किसी से बात हो पा रही है, तो स्थानीय हालात की जानकारी मिल रही है। पिछले कई वर्षो से शहर में निवासरत शरणार्थियों ने अपनी व्यथा जाहिर की।
अपनों से संपर्क नहीं
काबुल में पत्नी व चार बच्चे रहते हैं। लगातार फोन कर रहा हूं लेकिन परिवार के सदस्यों से संपर्क नहीं हो पाया है। मैं 2014 में नागपुर शहर आया था। यहां अपने भाई और भाभी के साथ रहता हूं। हम कंबल और चादर बेचते हैं। जब से नागपुर आया, तब से एक बार भी काबुल नहीं गया। हमेशा फोन पर ही संपर्क में रहा, लेकिन अब फोन पर बात नहीं हो पा रही है, इसलिए चिंता बढ़ गई है।
-ताहिर खान, मोमिनपुरा
सोचा नहीं था, ऐसा होगा
मैं 2014 से नागपुर में रह रहा हूं। कई वर्षों से परिवार के लोगों से नहीं मिला था, इसलिए मिलने अफगानिस्तान गया था। अभी 6-7 महीने पहले ही आया हूं। सोचा भी नहीं था कि कभी इस तरह से हालात होंगे। नागपुर में अकेला ही रहता हूूं। पत्नी,बच्चे,भाई-भाभी सभी लोग वहां रहते हैं। परिवार से संपर्क नहीं हो रहा था, तो बेचैन था। बात हुई तो मन को शांति मिली। पत्नी ने बताया कि अब हालात काबू में है। -उस्मान खान, ताजबाद
Created On :   19 Aug 2021 4:33 PM IST