- Home
- /
- औरंगाबाद के नामांतरण का फैसला जनता...
औरंगाबाद के नामांतरण का फैसला जनता करे - उदयनराजे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा सांसद छत्रपति उदयनराजे भोसले औरंगाबाद का नाम बदलने को लेकर चल रहे विवाद में नहीं पड़ना चाहते हैं। शुक्रवार को भोसले ने कहा कि यदि राजशाही लागू होती तो मैं अपनी भूमिका स्पष्ट करता। भोसले ने कहा कि लोकतंत्र में कई जगहों के नाम बदले गए हैं। देश के कई राज्यों में जिलों का नाम बदला गया है। बाम्बे का नाम बदलकर मुंबई किया गया। इसी तरह औरंगाबाद का नाम बदलने को लेकर जनता फैसला करेगी।पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में औरंगाबाद का नाम बदलने को लेकर राजनीति गरमाई हुई है।
राज्य में सत्ताधारी शिवसेना औरंगाबाद का नाम बदलकर "संभाजीनगर’करने के पक्ष में है। लेकिन कांग्रेस ने शिवसेना के इस प्रस्ताव का विरोध किया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के कार्यालय के ट्वीटर हैंडल पर औरंगाबाद का उल्लेख संभाजीनगर के तौरपर किए जाने से कांग्रेस बेहद नाराज है। इससे औरंगाबाद का नाम बदलने को लेकर सत्ताधारी दोनों दलों के बीच खींचतान चल रही है। दूसरी ओर विपक्षी दल भाजपा के नेता इस खींचतान को शिवसेना और कांग्रेस की नूराकुश्ती बता रहे हैं। आगामीऔरंगाबाद मनपा चुनाव के मुद्देनजर इस मामलेके और गरमाने के आसार हैं।
Created On :   8 Jan 2021 7:12 PM IST