- Home
- /
- बारिश ने दी गर्मी से राहत, मौसम हुआ...
बारिश ने दी गर्मी से राहत, मौसम हुआ ठंडा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पिछले कई दिनों से शहर का तापमान बढ़ रहा था। दिन में धूप तीखी लग रही थी और रात को बिना कूलर, एसी के नींद परेशान कर रही थी। शुक्रवार को सुबह से कड़ी धूप खिली हुई थी, तभी शाम को करीब 5 बजे मौसम से अचानक करवट ली और आसमान में बादल छा गए। देखते ही देखते तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे शाम का मौसम ठंडा हो गया। पिछले तीन-चार दिन से स्थानीय स्तर पर जो घरेलू बादल मंडरा रहे थे, उसी का असर है कि हल्की बारिश हुई, हालांकि तेज हवा के कारण शहर में कहीं पेड़ गिरने या किसी प्रकार की क्षति होने की कोई खबर नहीं है। अधिकतम तापमान 36 िडग्री व न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज आसमान साफ
शाम को जिस वक्त बारिश हुई, उस समय लोगों के कार्यालयों से घर लौटने का समय था। बारिश होने के कारण कुछ लोगों ने बीच रास्ते में छिप कर शरण ली, तो कुछ लोग बारिश में भीगते हुए घर पहुंचे। शाम को मौसम ठंडा होने से लोग घरों से बाहर भी निकले। बाजारों में रौनक बढ़ गई, हालांकि त्योहार की भीड़ बाजारों में लग रही है, लेकिन शुक्रवार को कुछ ज्यादा ही भीड़ देखी गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को आसमान साफ रहेगा। तापमान में वृद्धि हो सकती है। मौसम गर्म रहेगा। दिन में गर्मी का एहसास हो सकता है।
करीब 40 मिनट हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल उत्तर-पूर्वी हवा चल रही है। यह हवा थोड़ी ठंडक देती है। दिन में गर्मी का एहसास होने के बावजूद शाम को व सुबह-सुबह हल्की ठंडी महसूस होती है। मार्च का महीना ठंडी से गर्मी की आेर जाने वाला होता है। यही वजह है कि दिन गर्म व रात थोड़ी ठंडक भरी होती है। घरेलू बादलों के कारण शुक्रवार को शहर में हल्की बारिश हुई। हालांकि कुछ लोगों ने बताया कि तेज हवा से सामना हुआ, लेकिन बारिश के नाम पर उनके क्षेत्र में मात्र बूंदाबांदी ही हुई। तेज धूप के बाद अचानक हुई बारिश शहरवासियों के लिए एक तरह से सुकून लेकर आई। 30-40 मिनट तक हुई बारिश के बाद शाम का मौसम ठंडा हो गया।
Created On :   12 March 2022 3:47 PM IST