- Home
- /
- MP निकाय चुनाव के नतीजे : 26 सीटों...
MP निकाय चुनाव के नतीजे : 26 सीटों पर बीजेपी, 14 पर कांग्रेस और 3 जगह निर्दलीय जीते

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मध्यप्रदेश के 43 नगरीय निकाय के लिए हुए चुनावों के नतीजों का एलान हो गया है। 26 नगरीय निकायों में भाजपा ने जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस 14 निकायों में अपना परचम लहराने में सफल रही। 3 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते।
महाकौशल के 6 जिलों में हुए स्थानीय निकायों के चुनाव में भाजपा अपनी बढ़त बनाने में सफल रही है। शहडोल संभाग के सभी स्थानीय निकायों में जहां भाजपा ने कब्जा कर लिया। वहीं छिंदवाड़ा जिले में कांग्रेस अपना परचम लहराने में सफल रही है। छिंदवाड़ा जिले के कुल 6 नगरीय निकायों में कांग्रेस के 4 उम्मीदवार विजयी रहे हैं। वहीं भाजपा को सिर्फ एक अध्यक्ष पद पाकर ही संतोष करना पड़ा है। 1 निर्दलीय ने भी अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया है। इसी तरह नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में खाली कुर्सी भरी कुर्सी के अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार अनीता जायसवाल पुनः भारी बहुमत से विजयी घोषित कर दी गई हैं।
सिवनी की एकमात्र नगर पंचायत लखनादौन में निर्दलीय प्रत्याशी जितेंद्र राय जीते। डिंडोरी जिले के शहपुरा में कांग्रेस के राजेश गुप्ता विजय हासिल करने में सफल हुए हैं। यहां भाजपा ने 7 वार्डों पर विजय हासिल की। वहीं कांग्रेस के चार उम्मीदवार विजयी हुए हैं। चार वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों को सफलता हासिल हुई है। डिंडोरी नगर पालिका में भाजपा के पंकज टेकाम ने जीत हासिल की है। यहां कांग्रेस को 5 वार्डों में सफलता मिली है तो 1 वार्ड पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी घोषित किया गया है। शेष 9 वार्ड भाजपा के कब्जे में रहे।
बालाघाट की एकमात्र बैहर नगरी निकाय में कांग्रेस के गणेश मेरावी ने जीत हासिल की है। यहां भाजपा ने 9 वार्डों पर अपना परचम लहराते हुए बहुमत भी हासिल किया है। एक निर्दलीय और 9 सीटें भाजपा के कब्जे में हैं। मंडला जिले की 5 नगरी निकायों में दो कांग्रेस के हिस्से में आई। वहीं नैनपुर बामनी एवं बिछिया भाजपा के कब्जे में है। इस तरह 3 निकायों पर भाजपा ने जीत का परचम लहराया है। मंडला एवं निवास नगरीय निकायों के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है।












Created On :   16 Aug 2017 8:30 AM IST