- Home
- /
- ‘तैरता सोना’ की तस्करी करने वाले...
‘तैरता सोना’ की तस्करी करने वाले मुख्य सूत्रधार की तलाश

डिजिटल डेस्क,नागपुर। शहर में एक करोड़ रुपए के एंबरग्रीस की जब्ती के साथ वन विभाग के कान खड़े हो गए हैं। बारी-बारी 5 आरोपी पकड़ में आए हैं। सभी आरोपी नागपुर के हैं। चूंकि, एंबरग्रीस (व्हेल मछली की उल्टी, जिसे तैरता सोना कहा जाता है) के नागपुर या इसके आस-पास मिलने के कोई आसार नहीं हैं, इसलिए बाहरी संपर्कों से इसे लाए जाने के कयास हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है। विभाग का आकलन है कि, चूंकि पकड़े गए आरोपी छोटे-छोटे अपराधों में शामिल रहे हैं, इसलिए लालच देकर इनकी सिर्फ सहायता ली जा रही है। समुद्र तटीय इलाकों तक इनकी पहुंच संभव नहीं। मतलब सूत्रधार कोई और है या फिर कोई संगठित गिरोह मध्य क्षेत्र होने के चलते नागपुर से एंबरग्रीस की तस्करी करा रहा है। वन विभाग अब उसकी तलाश में है।
जोड़ी जा रही कड़ी : अामतौर पर एंबरग्रीस की तस्करी समुद्र तटीय इलाकों से शुरू होती है। केरल, तमिलनाडु, मुंबई व ठाणे जैसी जगहों से इसकी तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन पहली बार नागपुर में इसे पाया गया है। इसे बेचने वाले गिरफ्तार आरोपी भी नागपुर के ही हैं। वन विभाग के सूत्रों का मानना है कि, पकड़े गए लोगों का संपर्क किसी सूत्रधार के जरिये तमिलनाडु के तस्करों से जुड़ा हो सकता है।
Created On :   22 Jun 2022 7:20 PM IST