- Home
- /
- राज्य ने किसानों को मदद की, अब...
राज्य ने किसानों को मदद की, अब केंद्र भी बढ़ाए हाथ

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्य सरकार ने अतिवृष्टि और बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए 10 हजार करोड़ के पैकेज की घोषणा की है। यह मदद राज्य सरकार ने अपनी आर्थिक स्थिति अनुसार की है। वास्तव में यह छोटी है, लेकिन अब ‘डिजास्टर मैनेजमेंट’ अनुसार केंद्र सरकार मदद करे। यह मांग कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले ने की।
आज किसान संकट में है
नागपुर में बात करते हुए नाना पटोले ने कहा कि आज किसान संकट में है। राज्य सरकार ने अपने आर्थिक स्रोतों का इस्तेमाल कर किसानों को दिवाली से पहले मदद की, लेकिन केंद्र सरकार ने कोई मदद नहीं की। केंद्र से राज्य सरकार को अपर्याप्त निधि मिल रही है। इसके लिए राज्य के विरोधी पक्षनेता ने केंद्र को बताना चाहिए। यह निधि कम है, इसमें कोई शंका नहीं। पटोले ने कहा कि राज्य सरकार के पास आर्थिक स्रोत तैयार होने के बाद और मदद करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए नाना पटोले ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस मेरे मित्र हैं, लेकिन उन्हें दिन में सपने आते हैं, यह ठीक नहीं है। उन्हें एक बार तड़के सपना आया था, लेकिन अब दिन में सपना आना योग्य नहीं है।
राजनाथ सिंह देश की सुरक्षा पर ध्यान दें
स्वतंत्रता वीर विनायक सावरकर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा दिए बयान पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पटोले ने कहा कि सावरकर ने 1911 में पत्र लिखा था और महात्मा गांधी 1915 में भारत आए थे। महात्मा गांधी का उस समय कोई मोबाइल होगा और सावरकर से उन्होंने मोबाइल पर संपर्क किया होगा, ऐसा कोई रिकाॅर्ड हमारे पास नहीं है। वह रिकाॅर्ड मोदी को उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के महत्वहीन मुद्दे पर बयान कर मूल मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास रक्षा मंत्री कर रहे हैं। राजनाथ सिंह देश के रक्षामंत्री हैं। वरिष्ठ नेता भी हैं। उन्हें ऐसे बयान शोभा नहीं देते हैं।
Created On :   16 Oct 2021 9:00 PM IST