- Home
- /
- दिवाली की रात चौकीदार की...
दिवाली की रात चौकीदार की निर्ममतापूर्वक हत्या
डिजिटल डेस्क, नागपुर। उत्तर नागपुर के कपिल नगर इलाके में एक बिल्डर के चौकीदार की हत्या कर दी गई। उसका नाम संतोष श्रीवास्तव (65) था। घटना कपिलनगर पुलिस को पता चली। संतोष के सिर पर गहरे घाव के निशान हैं। संतोष करीब 17 वर्ष से गणेश बिल्डर के पास चौकीदारी का काम कर रहा था। वह उनका काफी पुराना चौकीदार है। संतोष का परिवार एक माह पहले ही ईंट-भट्टी पर काम पर लगा है। संतोष घटनास्थल पर बिल्डर के गोदाम की अकेले ही चौकीदारी करता था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार की देर रात उप्पलवाड़ी में पावर सब स्टेशन के पास एक झोपड़ी में संतोष श्रीवास्तव की हत्या कर दी गई। रविवार की सुबह करीब 9.15 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को किसी ने सूचना दी। उसके बाद कपिल नगर के थानेदार एम शेख सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
दिवाली की रात बेटा आया था बुलाने
सूत्रों से पता चला है कि संतोष के परिवार में दो बेटे, बहू और पत्नी है। उसका परिवार घटनास्थल से कुछ दूरी पर बालकदास मंदिर के पास ईंट-भठ्ठी पर काम करता है और वहीं रहता है। संतोष को दिवाली के दिन उनका बेटा घर पर खाना बनने की जानकारी देकर बुलाने आया था। वह रात करीब 8.30 बजे आया था। संतोष ने अपने बेटे से कहा कि तुम घर चलो मैं आता हूं। संतोष रात को घर पर भोजन करने नहीं गया। रविवार को सुबह करीब 8.30 बजे जब उनका बेटा देखने गया, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। संतोष का शव खून से लथपथ पड़ा था। उसके रोने की आवाज सुनकर आस- पास के लोग जमा हो गए। पुलिस नियंत्रण कक्ष को घटना की जानकारी दी गई। संतोष की जिस जगह पर हत्या की गई है, वहां पर ही गणेश बिल्डर ने गोदाम बना रखा है।
Created On :   16 Nov 2020 6:29 AM GMT