- Home
- /
- प्रभाग रचना का कार्य पूर्ण अब चुनाव...
प्रभाग रचना का कार्य पूर्ण अब चुनाव आयोग के पत्र का इंतजार

डिजिटल डेस्क, अमरावती। आगामी वर्ष होने वाले अमरावती मनपा के स्थानीय चुनावांे को लेकर आयोग की ओर से तैयारियां शुरु हो गई हैं। स्थानीय चुनाव विभाग की ओर से प्रभाग रचना का कार्य लगभग पूरा किया जा चुका है। अब केवल चुनाव आयोग के पत्र का इंतजार है। पत्र मिलते ही प्रभाग रचना का संपूर्ण ब्यौरा आयोग को भेजा जाएगा। जिसके बाद आयोग की ओर से अंतिम मंजूरी या फिर कुछ फेरबदल की सूचनाएं दी जाएंगी। जिसके तुरंत बाद मनपा कार्यालय में ही आरक्षण ड्रॉ घोषित किया जाएगा।
फरवरी 2022 में होने वाले मनपा के चुनाव तीन सदस्यीय प्रभाग प्रणाली पर आधारित रहेंगे। इन चुनावों में कुल 29 प्रभाग घोषित करने है। इसके पहले वर्ष 2017 में चार सदस्यीय प्रणाली के तहत चुनाव कराए गए थे। मनपा चुनाव कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक इसी सप्ताह के अंत तक आरक्षण ड्रॉ की प्रक्रिया पूरी करने की संभावना है क्योंकि प्रभाग रचना की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। केवल चुनाव आयोग के आदेश का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद प्रभाग रचना को लेकर आपत्तियां भी दर्ज की जाएंगी। साथ ही अगले महीने मतदाता सूची को पूर्ण निर्धािरत करने की प्रक्रिया भी शुरु कर दी जाएगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रारूप घोषित होते ही चंद दिनों में चुनावी कार्यक्रम घोषित करने की संभावना है। 5 दिसंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रारूप घोषित होगा।
एक प्रभाग में होंगे 21 हजार मतदाता
मनपा के चुनाव कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मौजूदा मतदाता सूची को आधार बनाने पर एक प्रभाग में औसत 21 हजार मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इस बार प्रभाग रचना के लिए गूगल मैप प्रणाली का सहारा भी लिया गया है। मनपा चुनाव अधिकारी अक्षय निलंगे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शहर में कुछ नए क्षेत्र भी शामिल हुए है। किंतु यह प्रभाग रचना 2011 की जनगणना के आधार पर ही की गई है।
Created On :   26 Oct 2021 1:29 PM IST