हमले में घायल युवक व अस्पताल से गिरे शख्स की मौत

The youth injured in the attack and the person who fell from the hospital died
हमले में घायल युवक व अस्पताल से गिरे शख्स की मौत
हमले में घायल युवक व अस्पताल से गिरे शख्स की मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जरीपटका इलाके में पुराने विवाद में 22 जून की शाम करीब 7.30 बजे एक 35 वर्षीय व्यक्ति पर आरोपी ने घातक शस्त्र से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल शेषराव बंसोड की मेयो अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जरीपटका पुलिस ने इस मामले में पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। घायल की मौत के बाद हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी अभय लांडगे को गिरफ्तार किया है।

शराब पीने की बात को लेकर हुआ था विवाद 
पुलिस के अनुसार शेषराव और अभय लांडगे के बीच शराब पीने-पिलाने की बात पर विवाद हुआ था, तब  शेषराव ने अभय के साथ मारपीट की थी। शेषराव से इस बात का बदला लेने की फिराक में अभय था। उसे मौका मिलने पर शेषराव पर जानलेवा हमला किया। अभय ने शेषराव पर उसी बस्ती में हमला किया, जिस बस्ती को शेषराव और उसके परिजनों ने बसाया है। पुलिस के अनुसार शेषराव पर वर्ष 2007, 2010 और 2012 में भी कुछ मामले दर्ज  हुए थे, जिसमें रेलवे में चोरी का एक मामला भी शामिल है।

पुलिस कार्रवाई करती, तो बच जाती जान
सूत्रों ने बताया कि शेषराव ने करीब एक माह पहले अभय के साथ विवाद किया था। उस समय शेषराव ने अभय के साथ मारपीट की थी। अभय ने इस मामले की शिकायत जरीपटका थाने में की थी। तब पुलिस ने शेषराव के खिलाफ धारा 324 के तहत मामला दर्ज किया था। थाने के बाहर पुलिसकर्मियों के बीच  इस बात को लेकर चर्चा जोरों पर  थी कि 1 माह पहले ही इस मामले में उचित कार्रवाई की जाती, तो संभवत: शेषराव की जान नहीं जाती। शेषराव का भाई मनोज  बंसोड़ एक सामाजिक संगठन का पदाधिकारी भी है। 

अस्पताल में हुई मौत
पुलिस के अनुसार भीमसेना झोपड़पट्टी नारा रोड नागपुर निवासी शेषराव बंसोड़ पर आरोपी अभय ज्ञानेश्वर लांडगे (34) ने घातक शस्त्र से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल शेषराव को 22 जून की शाम मेयो अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां देर रात करीब 1.30 बजे शेषराव की मौत हो गई। जरीपटका पुलिस ने संगीता सरोज मेश्राम की सूचना पर हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। डीबी स्क्वॉड की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।

दूसरे माले से गिरा मजदूर, हुई मौत
एक मकान के दूसरे माले से नीचे गिरने पर जख्मी मजदूर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। देर रात सोनेगांव थाने में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज कया गया है। मृतक शशि कुमार महेंद्र कुमार (26) मूलत: नई दिल्ली के प्रितमपुरा वर्तमान में नागपुर निवासी था। वह कांच फिटिंग का काम करता था। 19 तारीख को अपराह्न 4 बजे मिहान परिसर में स्थित भारतीय कंटेनर निगम लिमिटेड मल्टी मॉडल में कांच की फिटिंग कर रहा था, इस दौरान शशि कुमार का संतुलन बिगड़ने से वह दूसरे माले से नीचे गिर पड़ा। उसके सिर व कमर में गंभीर चोट लग गई थी। गंभीर हालत में उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां पर मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोप है कि पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ है। प्रकरण को आकस्मिक मृत्यु के तौर पर दर्ज किया गया है। जांच जारी है।

सड़क हादसे में पत्नी की मौत, पति घायल
साइकिल पर पत्नी के साथ मजदूरी कर घर लौटते समय मजदूर दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। मजदूर इंद्रेश चेतराम मात्रे (28) और उसकी पत्नी निर्मला मात्रे (29) को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया गया। निर्मला की हालत देखते हुए उसे धंतोली के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हुड़केश्वर पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बस स्टॉप के पास की घटना
पुलिस के अनुसार  सिवनी, मध्यप्रदेश निवासी इंद्रेश और उसकी पत्नी निर्मला नागपुर में मजदूरी करते थे। 20 जून को इंद्रेश पत्नी निर्मला के साथ साइकिल से अपने घर पवनपुत्र नगर, नरसाला जा रहा था। इस दौरान दिघोरी चौक स्थित बस स्टाॅप के सामने उसकी साइकिल को एक दोपहिया वाहन ने टक्कर मार दी, जबकि दोपहिया को पीछे से चार पहिया ने टक्कर मारी थी। इस हादसे में इंद्रेश और उसकी पत्नी साइकिल से नीचे गिर पड़े और उनके सिर में चोट लग गई। 
उसके बाद दोनों को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया।  

हुड़केश्वर थाने में मामला दर्ज
मेडिकल अस्पताल में निर्मला की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे धंतोली स्थित निजी अस्पताल में भेज दिया, जहां उपचार के दौरान 22 जून को शाम करीब 7.34 बजे निर्मला की मौत हो गई। धंतोली पुलिस ने प्राथमिक स्तर पर मामला दर्ज किया। उसके बाद मामला हुड़केश्वर थाने को सौंप दिया। हुड़केश्वर थाने के उपनिरीक्षक लाकडे ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 279, 304 (अ) और सहधारा  134, 177 के तहत मामला दर्ज किया है।
 

Created On :   24 Jun 2021 2:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story